रजरप्पा(रामगढ़). रजरप्पा ब्लॉक-टू खुली खदान परियोजना को धरातल पर उतारने की प्रक्रिया तेज हो गयी है. रैयतों के पारिवारिक एवं भूमि अभिलेख दुरुस्त करने के लिए शुक्रवार को धवैया पंचायत भवन में ग्राम सभा हुई. अंचल कार्यालय, गोमिया की ओर से आयोजित ग्राम सभा में करीब 100 ग्रामीण शामिल हुए. बैठक का संचालन मुखिया तेजलाल महतो ने किया.
ग्राम सभा में रैयतों की ओर से प्रस्तुत 10 वंशावलियों और संबंधित दस्तावेजों की जांच की गयी. परिवार के सदस्यों के नाम व आपसी संबंध ग्रामीणों को पढ़कर सुनाये गये. इस दौरान पांच वंशावलियों में विवाद अथवा असहमति सामने आने पर सत्यापन प्रक्रिया रोक दी गयी. संबंधित रैयतों को आपसी सहमति से विवाद सुलझा कर जरूरी दस्तावेजों के साथ दोबारा आवेदन देने को कहा गया. वहीं पांच वंशावलियों में मामूली त्रुटियां मिलीं. आवेदकों से शुद्धि-पत्र प्रस्तुत करने को कहा गया.
ये भी पढ़ें: MMDR संशोधन विधेयक पर फागू बेसरा का हमला, बोले- वापस ले केंद्र सरकार
पंचायत भवन में कैंप कार्यालय की मांग
ग्रामीणों की सुविधा के लिए पंचायत भवन में ब्लॉक टू कैंप कार्यालय संचालित करने के लिए एक कमरा उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया. सीसीएल प्रबंधन ने सामाजिक-आर्थिक सर्वेक्षण में सहयोग करने और सही जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की. बताया गया कि सर्वेक्षण से विकास, पुनर्वास, विस्थापन, रोजगार व मुआवजा संबंधी प्रक्रिया में मदद मिलेगी.
मौके पर इनकी रही मौजूदगी
मौके पर तेजलाल महतो, रवि कुमार, भागीरथ महतो, बिनोद कुमार, रवि कुमार, विवेक द्विवेदी, अविनाश कुमार, साक्षी राय, सुशील कुमार, आरिफ अंसारी, प्रेम बेसरा, चंद्रकांत सिंह सहित अन्य मौजूद थे.
ये भी पढ़ें: कुजू में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर 48 घंटे का अखंड हरिकीर्तन, भक्तिमय गीतों से गूंजा माहौल
