रामगढ़ से भागीरथ महतो की रिपोर्ट
झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के नेता पनेश्वर कुमार महतो हजारीबाग के कन्हरी हिल के आसपास मिले हैं. सूचना मिलते ही उन्हें इलाज और स्वास्थ्य जांच के लिए हजारीबाग सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां फिलहाल उनका चिकित्सकीय परीक्षण जारी है. एहतियात के तौर पर अस्पताल परिसर में पुलिस बल तैनात है.
जानकारी मिलते ही जेएलकेएम के पदाधिकारी और समर्थक बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए हैं. उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है.
मंगलवार रात करीब 10 बजे के बाद से लापता थे
पनेश्वर कुमार महतो, जो रामगढ़ के कैथा निवासी हैं, 1 सितंबर की रात करीब 10 बजे के बाद लापता हो गए थे. सूचना मिलने के बाद समर्थकों द्वारा पूरी रात उनकी तलाश की गई. पनेश्वर महतो ने बताया कि 1 सितंबर की रात करीब 10 बजे एक सफेद बोलेरो, जिस पर काला शीशा लगा था और पुलिस का बोर्ड लगा हुआ था, उसमें उन्हें जबरन बैठाया गया. बताया गया कि वाहन में सवार लोगों ने उनके मोबाइल से ही सहदेव महतो को फोन कर गोबरदरहा चौक आकर गाड़ी ले जाने को कहा.
ये भी पढ़ें: बड़कागांव में बिजली व्यवस्था होगी बेहतर, खराब ट्रांसफार्मर 24 घंटे में बदलने का निर्देश
रात भर उनके साथ प्रताड़ित करने का लगाया आरोप
उन्होंने बताया कि शुरुआत में उन्हें लगा कि यह पुलिस की गाड़ी है और उन्हें छोड़ दिया जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. वाहन में करीब पांच लोग सवार थे, जो उन्हें हजारीबाग ले गए. आरोप है कि रात भर उनके साथ प्रताड़ित और डराने-धमकाने की कोशिश की गई. साथ ही उनसे कहा गया कि पार्टी की गतिविधियों, खासकर कोयला-बालू से जुड़े मुद्दों पर सक्रियता ठीक नहीं है.
सुबह करीब 4:30 बजे उन्हें जंगल क्षेत्र में छोड़ा गया
पनेश्वर महतो के अनुसार, सुबह करीब 4:30 बजे उन्हें जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया गया. इसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों से मदद मांगी. एक स्थानीय व्यक्ति ने उन्हें फोन दिया, जिससे उन्होंने अपने सहयोगी आनंद केटियार को सूचना दी. इसके बाद समर्थकों की मदद से उन्हें हजारीबाग सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज और जांच जारी है.
ये भी पढ़ें: रामगढ़ में स्कूल पहुंचने के बाद शिक्षक रहस्यमय ढंग से लापता, मोबाइल और चाबी सहकर्मी को सौंपकर निकले
