गोला से राजकुमार की रिपोर्ट
Ramgarh News: झारखंड के रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत कोरांबे गांव में उस समय शोक की लहर दौड़ गई, जब हेंसापोड़ा पंचायत के पूर्व मुखिया विशाल करमाली समेत दो लोगों की सड़क दुर्घटना में मौत की खबर गांव पहुंची. इस दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं और पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है.
आमने-सामने हुई टक्कर
जानकारी के अनुसार कोरांबे निवासी जलेश्वर महतो (48) की बेटी की शादी आगामी दो जुलाई को तय हुई थी. शादी का कार्ड बांटने के लिए वह हेंसापोड़ा पंचायत के पूर्व मुखिया विशाल करमाली (33) के साथ बाइक से विष्णुगढ़-बगोदर क्षेत्र गए थे. कार्ड बांटने के बाद दोनों सोमवार देर शाम घर लौट रहे थे. इसी दौरान विष्णुगढ़-गोमिया मुख्य मार्ग पर जमनीजारा के पास उनकी बाइक की सामने से आ रही दूसरी बाइक से सीधी टक्कर हो गई.
एक की मौके पर मौत, दूसरे ने रांची में तोड़ा दम
दुर्घटना इतनी भीषण थी कि जलेश्वर महतो की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. वहीं गंभीर रूप से घायल विशाल करमाली को स्थानीय लोगों की मदद से विष्णुगढ़ अस्पताल पहुंचाया गया. प्राथमिक इलाज के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया. जहां इलाज के दौरान मंगलवार सुबह उनकी भी मौत हो गई.
पूर्व मुखिया के निधन से क्षेत्र में शोक
विशाल करमाली हेंसापोड़ा पंचायत के पूर्व मुखिया रह चुके थे. वर्तमान में उनकी पत्नी गीतांजलि कुमारी तिर्की पंचायत की मुखिया हैं. सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय रहने वाले विशाल करमाली के निधन से पंचायत क्षेत्र में शोक की लहर है. उनके परिवार में पत्नी और तीन बेटे हैं.
शादी की तैयारियों के बीच टूटा दुखों का पहाड़
वहीं जलेश्वर महतो अपने पीछे पत्नी, दो बेटे और दो बेटियों को छोड़ गए हैं. उनकी बेटी की शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं. घर में शादी की खुशियां थीं, लेकिन इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया. शादी के कार्ड बांटने निकले पिता की मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
गांव में पसरा मातम
घटना के बाद कोरांबे गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में मातम का माहौल है. ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के लोगों ने दोनों मृतकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवारों को ढांढस बंधाया है. दोनों के निधन को क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया जा रहा है.
ये भी पढ़ें– वोटर लिस्ट सुधार: JMM ने चुनाव आयोग से की घर-घर गणना के वक्त ही दस्तावेज लेने की मांग, बताई ये वजह
ये भी पढ़ें– Ramgarh: उत्तरी छोटानागपुर पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता संपन्न, ओवरऑल चैंपियन बना रामगढ़ जिला बल
