रामगढ़. रामगढ़ में सड़क दुर्घटनाओं में दो की मौत से लोग गमगीन हैं. पहली घटना कैथा चौक के समीप हुई. यहां 15 वर्षीय किशोर नवीन कुमार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी. सेवइयागढ़ा निवासी नवीन किसी आवश्यक कार्य से बाहर गया था. इसी दौरान यह हादसा हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि किशोर गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा. दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया. स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल को नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया. यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. नवीन कुमार एलआइसी एजेंट उमेश प्रसाद महतो के पुत्र थे. उनकी असमय मृत्यु से परिवार में कोहराम मच गया है. पूरे गांव में शोक की लहर है. बताया जाता है कि नवीन शांत स्वभाव का, मिलनसार और होनहार छात्र था.
दूसरी घटना चुटूपालू घाटी में हुई, इसमें एक युवक की हो गयी मौत
दूसरी घटना एनएच-33 फोरलेन चुटूपालू घाटी में हुई. यहां कुजू कोलियरी निवासी 23 वर्षीय राहुल रजवार की सड़क दुर्घटना में मौत हो गयी. राहुल रांची में ग्राफिक डिजाइनिंग का कार्य करते थे. सोमवार को अपनी बाइक से रांची जा रहे थे. इसी दौरान चुटूपालू घाटी में उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गयी. इस दौरान पीछे से आ रहे ट्रेलर (आरजे 18 जीसी 7227) ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गयी. राहुल सीसीएल कर्मी गोपाल रजवार के इकलौते पुत्र थे. उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया.तीसरी घटना में ट्रक व कार में टक्कर, कई लोग घायल : चुटूपालू घाटी क्षेत्र में एक अन्य सड़क दुर्घटना भी हुई. इसमें ट्रक (बीआर 06 जीसी 9786) ने कार (केए 13 पी 4224) को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में कई लोग घायल हो गये. उन्हें पुलिस की मदद से तत्काल सदर अस्पताल भेजा गया. डॉक्टरों की देखरेख में घायलों का इलाज जारी है.
दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से हटाया गया : घटनाओं के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और सभी मामलों की जांच शुरू कर दी. दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से सड़क किनारे हटा कर जब्त कर लिया गया. पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया है. लगातार हो रही इन सड़क दुर्घटनाओं से स्थानीय लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गयी है.