भुरकुंडा(रामगढ़). सीबीएसई बोर्ड के निर्देश पर शनिवार को श्री अग्रसेन स्कूल भुरकुंडा में 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत' कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इसके तहत विद्यार्थियों ने प्रातःकालीन सभा में नशे के बहिष्कार का सामूहिक संकल्प लिया. इसके उपरांत आयोजित जागरूकता सेमिनार में विद्यार्थियों ने अपनी स्पीच से सभी को जागरूक किया. साथ ही, विद्यार्थियों की टोली ने नशे के दुष्परिणाम और बचाव के उपायों पर आधारित एक प्रभावी नाटक भी प्रस्तुत किया.
सीओ बोले- युवा देश की सबसे बड़ी ताकत
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पतरातू सीओ मनोज कुमार चौरसिया ने कहा कि आज के युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं. नशा केवल शरीर को नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि सपनों, परिवार और भविष्य को भी कमजोर करता है.
उन्होंने जोर देकर कहा कि जीवन में किसी भी समस्या का समाधान नशा नहीं हो सकता, बल्कि यह नई समस्या की शुरुआत होती है. नशे से आजादी पूरे समाज की जिम्मेदारी है और युवा यदि ठान लें, तो बदलाव निश्चित है. इस दौरान मुख्य अतिथि को बुके और शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया.
प्राचार्य ने युवाओं को दी रचनात्मक ऊर्जा लगाने की सलाह
स्कूल के निदेशक प्रवीण राजगढ़िया ने कहा कि युवाओं को अपनी ऊर्जा नशे में नहीं, बल्कि शिक्षा, खेल, कौशल, तकनीक और रचनात्मक कार्यों में लगानी चाहिए. वहीं, प्राचार्य विवेक प्रधान ने कहा कि मोबाइल और इंटरनेट के दौर में सीखने के हजारों रास्ते उपलब्ध हैं.
स्वस्थ युवा ही मजबूत परिवार और विकसित भारत की नींव रख सकता है. इस आयोजन को सफल बनाने में नीलू श्रीवास्तव, साधना सिन्हा, सोनम खातून, अंकित विश्वकर्मा और नाजिया तौहिद का महत्वपूर्ण सहयोग रहा.
ये भी पढ़ें: भुरकुंडा में 40वीं जोनल माइंस रेस्क्यू प्रतियोगिता, 22-23 सितंबर को होगा बचाव दलों का मुकाबला
