रामगढ़ : जिला कृषि पदाधिकारी-सह-परियोजना निदेशक (आत्मा) रामगढ़ शुभांकर गुप्ता एवं उप परियोजना निदेशक आत्मा रामगढ़ संजय मंडल ने संयुक्त रूप से कृषि पाठशाला फार्म का बुधवार को निरीक्षण किया. इस दौरान अधिकारियों ने कृषि पाठशाला मॉडल के तहत संचालित विभिन्न इकाइयों का जायजा लिया.
निरीक्षण के क्रम में कोल्ड स्टोरेज, पैक हाउस, डेयरी यूनिट, बकरी शेड, भंडारण कक्ष, प्रशिक्षण हॉल, ड्रिप सिंचाई एवं प्लास्टिक मल्चिंग, दो यूनिट सोलर डीप बोरवेल, श्री विधि (एसआरआई) से धान की खेती, आम बागवानी तथा एक एकड़ में निर्मित तालाब का बारीकी से निरीक्षण किया गया.
निरीक्षण के बाद जिला कृषि पदाधिकारी ने फार्म की प्रगति पर संतोष जताया. साथ ही पायी गयी कमियों में त्वरित सुधार करते हुए उत्कृष्ट कार्यप्रणाली सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. संचालनकर्ता संस्था शारदा को फार्म परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त करने तथा दिये गये निर्देशों का तत्काल अनुपालन करने का आदेश दिया गया.
एटीआईसी का भी किया निरीक्षण
इसके बाद जिला कृषि पदाधिकारी-सह-परियोजना निदेशक आत्मा एवं उप परियोजना निदेशक आत्मा ने कृषि प्रौद्योगिकी सूचना केंद्र (एटीआईसी) रामगढ़ का भी निरीक्षण किया. केंद्र के सुचारू संचालन एवं गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर प्रखंड तकनीकी प्रबंधक (बीटीएम) मनोज कुमार एवं सहायक तकनीकी प्रबंधक (एटीएम) अनिल कुमार दास व स्मृति टूटी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये.
निरीक्षण के दौरान प्रखंड तकनीकी प्रबंधक रामगढ़, सहायक तकनीकी प्रबंधक रामगढ़, शारदा संस्था के कार्यकारी निदेशक गौरव कुमार पांडा, कृषि सलाहकार इंद्रदेव महतो, कृषि पाठशाला के कर्मी मुख्य रूप से उपस्थित थे.
