गोला: बरलंगा के लुकैयाटांड़ में आयोजित विकास मेला एवं परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम के दौरान जिला प्रशासन की ओर से आम लोगों के लिए भोजन की विशेष व्यवस्था की गयी थी. कार्यक्रम समाप्त होते ही खिचड़ी लेने के लिए लोगों की लंबी कतारें लग गयी. महिलाओं, बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों में भोजन लेने को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला. लोग अनुशासित ढंग से कतार में लगकर खिचड़ी प्राप्त करते नजर आये.
जमीन पर बैठकर लिया भोजन का आनंद
भोजन प्राप्त करने के बाद बड़ी संख्या में महिलाओं और बच्चों ने खुले मैदान में जमीन पर पालथी मारकर बैठकर खिचड़ी का आनंद लिया. कई परिवार एक साथ बैठकर भोजन करते दिखायी दिये. कार्यक्रम स्थल पर सामुदायिक माहौल देखने को मिला, जहां सभी वर्ग के लोग एक साथ भोजन करते नजर आये. प्रशासन की ओर से पेयजल की भी पर्याप्त व्यवस्था की गयु थी, जिससे लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई.
वीआईपी के लिए अलग भोजन की व्यवस्था
जहां आम लोगों के लिए खिचड़ी परोसी जा रही थी, वहीं कार्यक्रम में शामिल मुख्यमंत्री, मंत्री, जनप्रतिनिधियों एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों के लिए अलग से भोजन की व्यवस्था की गयी थी. प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में भोजन वितरण का कार्य सुचारू रूप से संचालित हुआ और बड़ी संख्या में लोगों ने इसका लाभ उठाया.
मेले में व्यंजनों की दुकानों पर रही भीड़ कार्यक्रम स्थल पर विकास मेले के साथ छोटे-छोटे खाद्य स्टॉल भी लगाये गये थे. पानीपुरी, चना-बादाम, आइसक्रीम सहित विभिन्न प्रकार के व्यंजन बेचने के लिए कई ठेला एवं खोमचे वाले पहुंचे थे.
उमस भरी गर्मी के बावजूद लोग अपने पसंदीदा व्यंजनों का आनंद लेते नजर आये. वहीं कई लोग धूप से बचने के लिए पेड़ों की छांव में बैठकर विश्राम करते रहे. पूरे दिन कार्यक्रम स्थल पर उत्सव जैसा माहौल बना रहा और मेले में लोगों की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली. ड्यूटी में तैनात स्वास्थ्य कर्मियों ने धूप में आइसक्रीम का आनंद लेते हुए दिखाई दिये.
