..जनता से दुर्व्यवहार करने वाले पुलिसकर्मियों पर होगी कड़ी कार्रवाई : एसपी

पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में अपराध नियंत्रण व लंबित मामलों की समीक्षा को लेकर मंगलवार को पुलिस अधीक्षक अजय कुमार की अध्यक्षता में अपराध समीक्षा बैठक हुई.

अपराध नियंत्रण व लंबित मामलों की समीक्षा को लेकर बैठक हुई रामगढ़. पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में अपराध नियंत्रण व लंबित मामलों की समीक्षा को लेकर मंगलवार को पुलिस अधीक्षक अजय कुमार की अध्यक्षता में अपराध समीक्षा बैठक हुई. बैठक में एसपी ने सभी थाना व ओपी प्रभारियों को कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने, लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. एसपी ने सभी थाना व ओपी प्रभारियों को थाना आने वाले आम लोगों के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करने व उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि यदि किसी पुलिस पदाधिकारी या कर्मी द्वारा आम जनता के साथ दुर्व्यवहार की शिकायत मिलती है, तो उसके खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जायेगी. अपराध गोष्ठी में फायरिंग, आगजनी, तोड़फोड़, विस्फोट, संपत्तिमूलक अपराध, महिला उत्पीड़न, पोक्सो और दुष्कर्म से जुड़े मामलों की विस्तृत समीक्षा की. संबंधित थाना प्रभारियों को लंबित मामलों में तेजी लाकर जल्द निष्पादन करने, एंटी क्राइम चेकिंग का समय बदल-बदल कर करने व रक्षक ऐप में दर्ज करने को भी कहा गया. एसपी ने व्यवसायियों को इंटरनेट के माध्यम से धमकी देने के मामले में राहुल दूबे और उसके सक्रिय सदस्यों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया. इसके अलावा न्यायालय से निर्गत वारंट और कुर्की का समय पर निष्पादन करने, एफएसएल से संबंधित लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन कराने तथा सीसीटीएनएस के अंतर्गत आवश्यक प्रपत्रों को अद्यतन रखने को कहा गया. पोक्सो व दुष्कर्म के मामलों का दो माह के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने, संगठित आपराधिक गिरोहों के विरुद्ध कार्रवाई, सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान, डायल 112 पर प्राप्त शिकायतों का त्वरित निपटारा करने का भी निर्देश दिया. तीन या उससे अधिक मामलों का निष्पादन करने वाले पुलिस पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया. बैठक में सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पतरातू गौरव गोस्वामी, पुलिस केंद्र के अधिकारी, यातायात थाना प्रभारी सहित सभी थाना व ओपी प्रभारी उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vikash nath

26 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत हूं. रिपोर्टिंग के साथ डेस्क का काम करने भी अनुभव प्राप्त है. खेल डेस्क में भी काम करने का अनुभव है. रुरल के संस्करणों को देखता हूं.

Read More
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >