रामगढ़: पद्म भूषण से सम्मानित झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री सह दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि मंगलवार को उनके पैतृक गांव नेमरा और लुकैयाटांड में मनाई गई. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शिबू सोरेन की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया. इसके बाद उन्होंने दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी.
पैतृक आवास के आंगन में बाबा की तस्वीर पर पुष्प अर्पित किए तथा दादा शहीद सोबरन मांझी की प्रतिमा पर भी श्रद्धासुमन अर्पित किए. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि हमारे परिवार के लिए आज का दिन काफी भारी है. दुनिया की रीत है कि धरती पर जन्म लेने वाले हर व्यक्ति को एक दिन धरती में ही विलीन होना पड़ता है. मुख्यमंत्री तीन अलग-अलग स्थलों पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल हुए.
पैतृक आवास में बाबा को श्रद्धांजलि देते भावुक हुए हेमंत सोरेन
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपनी मां रूपी सोरेन के साथ बाबा शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि दी. पैतृक आवास के आंगन में बाबा शिबू सोरेन की तस्वीर स्थापित की गई थी, जहां मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, उनकी पत्नी कल्पना सोरेन, बहन रेखा सोरेन, रीतूलाल सोरेन, बिनोद किस्कू, जीतलाल टुडू समेत परिवार के सभी सदस्यों ने बाबा की तस्वीर पर पुष्प अर्पित किए.
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी, मंत्री योगेंद्र प्रसाद, विधायक ममता देवी, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, आईजी बोकारो शैलेंद्र कुमार सिन्हा, उपायुक्त ऋतुराज, एसपी मुकेश कुमार लुणायत, डीएफओ नीतीश कुमार तथा डीडीसी आशीष अग्रवाल भी पैतृक आवास में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल हुए.
पैतृक आवास पहुंचते ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भावुक हो गए. उन्होंने संथाली समाज और नेमरा गांव के लोगों से बातचीत की तथा उनके साथ भोजन भी किया. इसके बाद मुख्यमंत्री पैतृक आवास के समीप बने हेलीपैड से हेलीकॉप्टर द्वारा रांची के लिए रवाना हो गए.
मुख्यमंत्री ने किया दिशोम गुरु की 15 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण
लुकैयाटांड मैदान में स्थित सोना सोबरन प्लस टू उच्च विद्यालय परिसर में 15 फीट का आदमकद प्रतिमा बाबा शिबू सोरेन का स्थापित किया गया. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बाबा शिबू सोरेन की प्रतिमा का अनावरण किया. माता रूपी सोरेन, पत्नी कल्पना सोरेन, परिवार के सभी सदस्य ने श्रद्धांजलि दिया. झारखंड सरकार के मंत्री योगेंद्र प्रसाद, राधा कृष्ण किशोर, संजय यादव, दीपिका पांडेय सिंह, शिल्पी नेहा तिर्की, राज्य सभा सदस्य महुआ माजी, विधायक ममता देवी, उमाकांत रजक, कुमार जयमंगल सिंह, अमित महतो, पूर्व मंत्री बेबी देवी, पूर्व मंत्री सत्यानंद भोगता, बंधु तिर्की, सुप्रिया भट्टाचार्या, दर्जा प्राप्त मंत्री फागू बेसरा, झामूमो नेता बिनोद किस्कू, अबुआ संथाल समाज के केंद्रीय महासचिव दशई मांझी, चित्रगुप्त महतो, संतोष कुमार संतु, बिनोद महतो, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर समेत झामूमो नेता व परिवार के सदस्य के अलावे मुख्य सचिव अविनाश कुमार, आइजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा, डीसी ऋतुराज, एसपी मुकेश कुमार लुणायत, डीएफओ नीतीश कुमार समेत सभी लोग प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दिया.
शहीद सोबरन मांझी को भी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिया श्रद्धांजलि
लुकैयाटांड मैदान में शहीद सोबरन मांझी की प्रतिमा स्थापित है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने दादा शहीद सोबरन मांझी की प्रतिमा स्थल पर पहुंचकर श्रद्धासुमन अर्पित किए. मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके दादा एक शिक्षक के रूप में समाज में बदलाव लाने में अहम भूमिका निभा रहे थे. असामाजिक तत्वों ने रात के अंधेरे में उनकी निर्मम हत्या कर दी थी.
उन्होंने कहा कि यह घटना उनके जन्म से पहले हुई थी, लेकिन आज भी ऐसे असामाजिक तत्व नए चेहरे के रूप में मौजूद हैं. उनसे सावधान रहने की जरूरत है.
