मुख्यमंत्री ने बांटी पांच करोड़ रुपये की परिसंपत्तियां, लाभुकों के चेहरे खिले

रामगढ़ के गोला में आयोजित विकास मेला में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लाभुकों के बीच पांच करोड़ रुपये की परिसंपत्तियों और सरकारी योजनाओं का वितरण किया।

गोला: गोला प्रखंड के बरलंगा स्थित लुकैयाटांड़ में आयोजित विकास मेला सह परिसंपत्ति वितरण एवं दिशोम गुरु शिबू सोरेन की आदमकद प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत करीब पांच करोड़ रुपये की परिसंपत्तियों का वितरण किया. बड़ी संख्या में पहुंचे लाभुकों ने योजनाओं का लाभ प्राप्त किया और सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से जुड़ने का अवसर मिला. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों की आर्थिक और सामाजिक स्थिति मजबूत हो सके.

महिला समूहों को मिला ट्रैक्टर, किसानों को सोलर पंप

कार्यक्रम में भूमि संरक्षण विभाग की ओर से मुख्यमंत्री ट्रैक्टर वितरण योजना के तहत पार्वती आजीविका महिला समूह, बूढ़ा खूखरा तथा गंगा आजीविका सखी मंडल, कुंदरुकला को ट्रैक्टर प्रदान किया गया. इसके अलावा किसानों के बीच पंप सेट का भी वितरण किया गया. किसान समृद्धि योजना के तहत मुरपा निवासी संतोष महतो, बंदा निवासी जियाउल अंसारी तथा घाघरा-कोरांबे निवासी निर्मल लिंडा को सोलर पंप सेट उपलब्ध कराया गया, जिससे सिंचाई व्यवस्था को मजबूती मिलेगी.

छात्राओं, दिव्यांगों और वन पट्टा लाभुकों को मिला लाभ

साइकिल वितरण योजना के अंतर्गत प्लस टू उच्च विद्यालय डीमरा समेत अन्य विद्यालयों की 25 छात्राओं को साइकिल दी गयी. वहीं कल्याण विभाग की ओर से सरगड़ीह निवासी दिव्यांग सुदेश कुमार महतो तथा ऊपरबरगा निवासी सरिता देवी को व्हीलचेयर प्रदान की गयी. बाबलौंग-संग्रामपुर पंचायत निवासी रूपलाल मांझी और फूल कुमारी सहित सोकला निवासी सुनील कुमार महतो एवं सुषमा देवी को वन भूमि पट्टा सौंपा गया.

पशुपालन और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का भी मिला लाभ

मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत कोरांबे निवासी बरसी देवी को बकरा विकास योजना का लाभ दिया गया. वहीं बेदियाजारा निवासी शीला देवी को दो दुधारू गाय तथा धमनाटांड़ निवासी सोनू कुमारी को बत्तख के चूजे उपलब्ध कराए गये. इसके अलावा जरूरतमंद लोगों के बीच धोती, साड़ी, छाता सहित अन्य उपयोगी सामग्री का भी वितरण किया गया.

विकास योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास भी किया गया. रामगढ़ उपायुक्त ऋतुराज ने बताया कि विकास मेला के दौरान लगभग पांच करोड़ रुपये की परिसंपत्तियों का वितरण किया गया. इस अवसर पर भूमि संरक्षण पदाधिकारी अमित कुमार, प्रखंड कृषि पदाधिकारी अनिल कुमार, संदीप कुमार, चेतलाल महतो सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में लाभुक उपस्थित थे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Raj Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >