चैनपुर: टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल भुइयांडीह में राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में भारत की अंतरिक्ष यात्रा, वैज्ञानिक उपलब्धियों और भावी पीढ़ी के अंतरिक्ष संबंधी सपनों को लेकर विद्यार्थियों को जागरूक किया गया.
इस दौरान भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के वैज्ञानिकों और भारत के गौरवपूर्ण अंतरिक्ष अभियानों को नमन करते हुए विद्यार्थियों को विज्ञान, नवाचार और अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया.
विद्यार्थियों ने लगायी मॉडल और चार्ट की प्रदर्शनी
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़े विभिन्न मॉडल और चार्ट तैयार किये. विद्यालय परिसर में इनकी प्रदर्शनी लगायी गयी, जिसे अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने खूब सराहा.
विद्यालय की ओर से बताया गया कि राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस चंद्रयान-3 मिशन की ऐतिहासिक सफलता और चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुवीय क्षेत्र में भारत की सफल सॉफ्ट लैंडिंग की उपलब्धि की स्मृति में मनाया जाता है.
बड़े सपने देखने के लिए प्रेरित किया
विद्यालय की प्राचार्या डॉ. सोनिया तिवारी ने कहा कि अंतरिक्ष विज्ञान केवल वैज्ञानिक उपलब्धियों की कहानी नहीं है, बल्कि यह सपनों को संकल्प और संकल्प को उपलब्धि में बदलने की प्रेरणा देता है. उन्होंने विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने, निरंतर सीखने और देश के वैज्ञानिक विकास में योगदान देने का आह्वान किया.
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, जिज्ञासा, नवाचार और खोज की भावना विकसित करने का संदेश दिया गया.
