गोला. गोला थाना क्षेत्र के हेसापोड़ा पंचायत अंतर्गत टुंगरीडीह में शुक्रवार को सड़क दुर्घटना के बाद कथित मवेशी तस्करी का मामला सामने आया. दुर्घटनाग्रस्त महिंद्रा XUV से तीन मवेशी बरामद किये गये हैं. सूचना मिलने के बाद गोला पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को जब्त कर लिया. बरामद मवेशियों को पुलिस की निगरानी में रखा गया है.
डिवाइडर तोड़कर गड्ढे में जा घुसी XUV
बताया जाता है कि महिंद्रा XUV संख्या JH05AU-5522 टुंगरीडीह के समीप अचानक अनियंत्रित हो गयी. इसके बाद वाहन डिवाइडर को तोड़ते हुए सड़क किनारे स्थित गहरे गड्ढे में जा घुसा. हादसे के बाद वाहन चालक सहित उसमें सवार अन्य लोग मौके से फरार हो गये.
दुर्घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे. ग्रामीणों ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन की जांच की तो उसके अंदर तीन मवेशी मिले.
हाथ-पैर बांधकर वाहन में रखे गये थे मवेशी
ग्रामीणों के अनुसार, तीनों मवेशियों के हाथ-पैर बांधकर उन्हें वाहन के अंदर एक साथ ठूंसकर रखा गया था. काफी देर तक वाहन में बंद रहने और दम घुटने के कारण मवेशियों की हालत गंभीर हो गयी थी. ग्रामीणों ने मवेशियों को वाहन से बाहर निकाला और उन्हें चारा एवं पानी उपलब्ध कराया.
महुआटांड़ की ओर ले जाने की आशंका
घटना के बाद इलाके में मवेशी तस्करी को लेकर चर्चा तेज हो गयी. स्थानीय ग्रामीणों ने आशंका जतायी कि मवेशियों को किसी दूसरे स्थान से चोरी अथवा अवैध तरीके से लाकर XUV के माध्यम से महुआटांड़ थाना क्षेत्र की ओर ले जाया जा रहा था. इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया और कथित तस्करी का मामला सामने आया.
हालांकि, मवेशियों को कहां से लाया गया था और उन्हें कहां ले जाया जा रहा था, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी.
वाहन मालिक और चालक की पहचान की मांग
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की गहन जांच कराने की मांग की है. साथ ही वाहन मालिक, चालक और घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गयी है.
पुलिस ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन और तीनों मवेशियों को जब्त कर लिया गया है. मामले की जांच की जा रही है. जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी.
