रामगढ़ से भागीरथ महतो की रिपोर्ट
Ramgarh: भारतीय जनता पार्टी रामगढ़ जिला द्वारा रविवार को ’12 साल बेमिसाल’ विषय पर प्रेस वार्ता करा नरेंद्र मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाई गईं. प्रेस वार्ता को मुख्य वक्ता एवं धनबाद के विधायक राज सिन्हा ने संबोधित किया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की एनडीए सरकार ने पिछले 12 वर्षों में सुशासन, विकास, गरीब कल्याण, राष्ट्रीय सुरक्षा व भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य किया है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी लगातार 4399 दिनों से अधिक समय तक देश के निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सेवा देकर एक ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित कर चुके हैं.
गरीब कल्याण योजनाओं की उपलब्धियां गिनाईं
राज सिन्हा ने कहा कि मोदी सरकार ने गरीब कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया है. आयुष्मान भारत योजना के तहत गरीब परिवारों को पांच लाख रुपये तक की स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान की गई है. वहीं उज्ज्वला योजना, मुद्रा योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और नारी शक्ति वंदन अधिनियम जैसे कदमों से महिलाओं को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने का कार्य किया गया है.
आधारभूत संरचना और वैश्विक प्रतिष्ठा पर दिया जोर
उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्षों में भारत ने आधारभूत संरचना, डिजिटल तकनीक, रेलवे, सड़क, हवाई संपर्क व संचार के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है. आज भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा लगातार बढ़ी है. जी-20 शिखर सम्मेलन के सफल आयोजन, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की वैश्विक मान्यता तथा विश्व मंच पर भारत की मजबूत उपस्थिति इसका प्रमाण है. उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 का संकल्प केवल एक लक्ष्य नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों का सामूहिक संकल्प है, जिसे मोदी सरकार जनभागीदारी के माध्यम से साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है.
ये रहे उपस्थित
प्रेस वार्ता में जिला महामंत्री जगेश्वर प्रजापति, जिला मंत्री शिव कुमार महतो, डॉ संजय प्रसाद सिंह, रणंजय कुमार उर्फ कूंटू बाबू, जिला मीडिया प्रभारी राजीव पामदत्त, भीमसेन चौहान, मनोज गिरि, ब्रजेश पाठक, सत्यजीत सिंह, जगदीश शर्मा सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे.
ये भी पढ़ें…
रामगढ़ में चार युवकों की मौत के बाद पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे बाबूलाल मरांडी
रामगढ़: मतदाता सूची पुनरीक्षण 2026 को लेकर उपायुक्त ने राजनीतिक दलों के साथ की बैठक
