भुरकुंडा. विश्व शांति दिवस के अवसर पर लायंस क्लब ऑफ भुरकुंडा की ओर से सोमवार को एला एंगलाइज विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में छात्रों को शांति का महत्व बताया गया और विश्व में अमन-चैन बनाए रखने की शपथ दिलायी गयी. कार्यक्रम की शुरुआत शांति के प्रतीक कबूतर उड़ाकर और दीप प्रज्वलित कर की गयी. लायंस क्लब के सदस्यों ने बच्चों को बताया कि मौजूदा समय में दुनिया के कई हिस्सों में युद्ध और अशांति के बीच शांति का महत्व और बढ़ जाता है. शांति का अर्थ केवल युद्ध का न होना नहीं है, बल्कि मन में प्रेम, भाईचारा और एक-दूसरे के प्रति सम्मान की भावना रखना भी है.
बच्चों ने लिया शांति का संकल्प
इस अवसर पर बच्चों को विश्व शांति के लिए प्रतिज्ञा दिलायी गयी. बच्चों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि वे आपस में लड़ाई नहीं करेंगे, सभी धर्मों का सम्मान करेंगे और समाज में शांति का संदेश फैलाने का प्रयास करेंगे. लायंस क्लब के अध्यक्ष सूबेदार एच.एन. यादव ने कहा कि शांति की शुरुआत घर और विद्यालय से होती है. बच्चा शांत रहेगा तो परिवार में शांति रहेगी और परिवार से ही समाज व देश में शांति का वातावरण बनेगा. सचिव डॉ. एमके मंजुल ने भी बच्चों को शांति के महत्व के बारे में विस्तार से बताया. कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य विजयंत कुमार सहित छात्र-छात्राएं मौजूद थे. बच्चों के बीच शांति विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता भी आयोजित की गयी.
