अपर मुख्य सचिव ने जिले का किया दौरा, स्वास्थ्य सुविधाओं का लिया जायजा

अपर मुख्य सचिव ने जिले का किया दौरा, स्वास्थ्य सुविधाओं का लिया जायजा

रामगढ़. स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग, झारखंड सरकार के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने बुधवार को रामगढ़ जिले का दौरा कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं चिकित्सा आधारभूत संरचनाओं का निरीक्षण किया. उन्होंने विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों का भ्रमण कर स्वास्थ्य सुविधाओं की गुणवत्ता का आकलन किया. संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया. मौके पर उपायुक्त ऋतुराज, डीडीसी आशीष अग्रवाल, सिविल सर्जन डॉ अनिल कुमार, गोपनीय शाखा प्रभारी रवींद्र कुमार गुप्ता, स्वास्थ्य विभाग के वरीय अधिकारी, अभियंता व अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे. कांकेबार ट्रॉमा सेंटर के आधुनिकीकरण पर जोर अपर मुख्य सचिव ने सर्वप्रथम कांकेबार स्थित ट्रॉमा सेंटर भवन का निरीक्षण किया. उन्होंने ट्रॉमा सेंटर में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, उपकरणों व आपातकालीन सेवाओं का जायजा लिया. आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए ट्रॉमा सेंटर के मॉड्यूलर सिस्टम को अपग्रेड करने काे कहा. भवन के प्रथम तल पर अतिरिक्त निर्माण कार्य की संभावनाओं पर चर्चा करते हुए तकनीकी परीक्षण कर प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों व अभियंताओं को दिया. सदर अस्पताल की सुविधाओं का किया निरीक्षण अपर मुख्य सचिव ने सदर अस्पताल, रामगढ़ का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने गायनेकोलॉजी, इएनटी, नेत्र रोग व डेंटल ओपीडी सहित विभिन्न विभागों का निरीक्षण कर मरीजों को उपलब्ध करायी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली. अस्पताल में साफ-सफाई, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता व मरीजों की सुविधा से जुड़ी विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की. उन्होंने ऑपरेशन थिएटर (ओटी), स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (एसएनसीयू), डायलिसिस सेंटर, डॉक्टर क्वार्टर व स्टाफ क्वार्टर का भी निरीक्षण किया. पुराने डॉक्टर व स्टाफ क्वार्टर को हटा कर आधुनिक सुविधाओं से युक्त दस मंजिला आवासीय भवन निर्माण की संभावनाओं पर चर्चा की गयी. 250 अतिरिक्त बेड की क्षमता वाला बनेगा नया भवन अपर मुख्य सचिव ने उपायुक्त ऋतुराज के साथ सदर अस्पताल परिसर में 250 अतिरिक्त बेड की क्षमता वाले नये भवन निर्माण पर चर्चा की. बताया गया कि भवन का निर्माण जी प्लस छह (ग्राउंड प्लस छह मंजिला) मॉडल पर किया जायेगा. उन्होंने संबंधित अभियंताओं को निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने, तकनीकी मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने तथा भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए गुणवत्तापूर्ण आधारभूत संरचना विकसित करने काे कहा. उन्होंने कहा कि अतिरिक्त बेड क्षमता विकसित होने से जिले के मरीजों को बेहतर एवं विस्तारित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी. सिविल सर्जन कार्यालय की कार्यप्रणाली का भी लिया जायजा अपर मुख्य सचिव ने सिविल सर्जन कार्यालय, रामगढ़ का भी निरीक्षण किया. उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कई निर्देश दिये.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SAROJ TIWARY

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >