मांडु से फिरोज खान की रिपोर्ट
मांडू. सावन माह के अंतिम सोमवार को मनोकामना धाम अति प्राचीन शिव मंदिर मांडूडीह से गाजे-बाजे के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गयी. कलश यात्रा में 551 महिलाओं ने कलश धारण किया. मंदिर परिसर में आचार्य वीरेंद्र पांडेय और आनंद पांडेय के नेतृत्व में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद कलश यात्रा शुरू हुई.
जयकारों से भक्तिमय हुआ क्षेत्र
इस दौरान श्रद्धालु बोल बम, हर-हर महादेव और जय शिव शंकर के जयकारे से क्षेत्र भक्तिमय हो गया. कलश यात्रा मंदिर परिसर से निकलकर राष्ट्रीय राजमार्ग-33, मणिपाल स्कूल, मांडूडीह और मांडू चट्टी होते हुए दुधी नदी पहुंची.
दुधी नदी से कलश में भरा पवित्र जल
यहां आचार्य वीरेंद्र पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं की पूजा-अर्चना करायी. स्थानीय नदी से कलश में पवित्र जल भरा. जल लेकर श्रद्धालु पुनः मंदिर परिसर पहुंचे, जहां भगवान शिव का विधिवत जलाभिषेक किया.
सुख-समृद्धि की कामना की
श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की. जलयात्रा का नेतृत्व मंदिर समिति के अध्यक्ष दीपक कुमार, सचिव संजय कुमार मंडल और कोषाध्यक्ष संजय कुमार ने किया।
बड़ी संख्या में श्रद्धालु रहे मौजूद
इस दौरान मुखिया बैजनाथ राम, ईश्वर दयाल साहू, आनंद पांडेय,अजय कुमार, रामप्रीत साव, रमेश साव, तालेश्वर साव, खेमलाल साव, रोहित कुमार, अजीत प्रसाद, छोटेलाल साव, पन्नालाल साव,समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे.
