अंधेरे का लाभ उठा कर तीन अन्य सदस्य फायरिंग करते हुए भागने में सफल रहे
लेवी लेने के उद्देश्य से व्यवसायी सह नेता के अपहरण की नीयत से रेकी के लिए गया था
कुजू : कुजू ओपी क्षेत्र स्थित करमा -चमारीडेरा जंगल के रास्ते में बुधवार की रात करीब 9:00 बजे पुलिस मुठभेड़ में पीएलएफआई का एरिया कमांडर बाजीराम महतो मारा गया. बताया जाता है कि चार लोग दो अलग-अलग बाइक से जा रहे थे. इसमें बाजीराम महतो भी शामिल था. वह लेवी लेने के उद्देश्य से वहां के एक व्यवसायी सह नेता के अपहरण की नीयत से रैकी के लिए गया था.
इसकी भनक पुलिस के आला अधिकारियों को गुप्त रूप से मिल चुकी थी. रामगढ़ एसपी निधि द्विवेदी ने टीम गठित की. इसमें रामगढ़, कुजू, रजरप्पा, मांडू, घाटो पुलिस शामिल थी. बाजीराम की घेराबंदी की गयी. इस दौरान दोनों ओर गोलियां चली. इसमें बाजीराम महतो को मार दिया गया. अंधेरे का लाभ उठा कर तीन अन्य सदस्य फायरिंग करते हुए भागने में सफल रहे. घटना की सूचना पाकर डीआइजी पंकज कंबोज, रामगढ़ एसपी निधि द्विवेदी घटनास्थल पहुंच कर मामले की जानकारी ली.
घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम
घटना के बाद गुरुवार सुबह रांची की फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पहुंच कर बाजीराम महतो के अंगूठे का निशान लेते हुए शरीर के अन्य हिस्सों की जांच की. टीम ने घटनास्थल पर गोली व खून का नमूना लिया. घटनास्थल पर दंडाधिकारी के रूप में पहुंचे मांडू अंचलाधिकारी राकेश कुमार की मौजूदगी में बाजीराम महतो के शव को अंत्यपरीक्षण के लिए सदर अस्पताल भेजा गया.
घटनास्थल पर माैजूद पुलिस अधिकारी
घटना स्थल पर अभियान एएसपी गुलशन तिर्की, रामगढ़ थाना प्रभारी लिलेश्वर महतो, रजरप्पा इंस्पेक्टर कमलेश पासवान, मांडू थाना प्रभारी अजीत भारती, पुअनि रामेश्वर भगत, राधेश्याम राम, भरत पासवान, सामंत कुमार दास, पुरन सिंह शामिल थे.
