रामगढ़: झारखंड सरकार के श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग की ओर से सोमवार को रामगढ़ फुटबॉल ग्राउंड में रोजगार मेले का आयोजन किया गया. सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चले रोजगार मेले में बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लिया. विभिन्न निजी कंपनियों में रोजगार पाने के लिए करीब 700 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया.
19 कंपनियों ने युवाओं को दिया रोजगार का अवसर
रोजगार मेले में कुल 19 कंपनियों ने अपने-अपने स्टॉल लगाये थे. कंपनियों के प्रतिनिधियों ने विभिन्न पदों के लिए युवाओं से आवेदन लिये और उनकी योग्यता के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी की. मेले में पहुंचे युवाओं को एक ही स्थान पर अलग-अलग कंपनियों में रोजगार के अवसर तलाशने का मौका मिला.
ये भी पढ़ें... JPSC Protest: 'भइया, थोड़ा और प्रेशर मारो न'...वाटर कैनन खुलते ही झूमने लगे आंदोलनकारी छात्र
164 अभ्यर्थी शॉर्टलिस्ट, 120 का अंतिम चयन
आवेदन और प्रारंभिक चयन प्रक्रिया के बाद कुल 164 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया. इनमें से करीब 120 अभ्यर्थियों का अंतिम रूप से चयन किया गया. चयन की जानकारी मिलने के बाद युवाओं में उत्साह देखने को मिला. अधिकारियों ने बताया कि रोजगार मेले का मुख्य उद्देश्य जिले के स्थानीय युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है.
8 अभ्यर्थियों को मिला नियुक्ति पत्र
कार्यक्रम के दौरान चयनित आठ अभ्यर्थियों को सांकेतिक रूप से नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया. जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपकर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं. नियुक्ति पत्र मिलने के बाद अभ्यर्थियों में खुशी का माहौल रहा.
ये भी पढ़ें... JPSC परीक्षा विवाद में बड़ी कार्रवाई, पूर्व अध्यक्ष एल खियांग्ते गिरफ्तार
युवाओं को ऐसे अवसरों का लाभ उठाने की अपील
कार्यक्रम में जिला नियोजन पदाधिकारी धनंजय कुमार मौजूद रहे. वहीं, नगर परिषद के उपाध्यक्ष रणधीर गुप्ता और विधायक प्रतिनिधि संजय साहू मुख्य रूप से शामिल हुए. उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई दी और जिले के अन्य युवाओं से भी रोजगार मेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की. उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को निजी क्षेत्र की कंपनियों से सीधे जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.
