घायल चालक व खलासी को इलाज के लिए भेजा गया रिम्स
रामगढ़़ : रामगढ़-रांची फोरलेन मार्ग स्थित चुटूपालू घाटी में बुधवार की रात से गुरुवार दोपहर तक जाम लगा रहा. घटना के चश्मदीद गुड़गांव से भुवनेश्वर जा रहे कंटेनर के चालक रमेश ने बताया कि रात लगभग 11.30 बजे जब वह चुटूपालू घाटी पहुंचे, तो रांची से आ रहे कंटेनर दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गया.
उसका आधा हिस्सा रामगढ़ से रांची जानेवाले फोरलेन मार्ग पर आ गया. अचानक इस तरह की घटना के कारण कंटेनर भी उसकी चपेट में आ गया.
कंटेनर का डीजल टंकी फट गया. कंटेनर का डीजल बह गया. इससे रामगढ़ से रांची जानेवाली मुख्य सड़क पूरी तरह से अवरुद्ध हो गयी. टेलर चालक त्रिलोक सिंह ने बताया कि घटना के बाद पुलिस ने यातायात को सुचारू करने की कोशिश की. रांची की तरफ से एक-एक कर वाहन निकलते रहे. सुबह यात्री बस के आने के बाद घाटी में दोनों तरफ से जाम लग गया.
पुलिस ने डिवाइडर पर मिट्टी डाल कर आैर डिवाइडर तोड़ कर वाहनों को सुचारू कराया. काफी मशक्कत कर क्रेन व हाइड्रा की मदद से दोनों वाहनों को सड़क के किनारे किया गया. वह 14 घंटे से गंडके मोड़ पर खड़े हैं. घाटी में तैनात एसपीओ सिकंदर करमाली ने बताया कि मध्य रात में वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने से घाटी में जाम लग गया.
ट्रक चालक व उप-चालक ट्रक में फंस गये. काफी मेहनत से ट्रक से बाहर निकला गया. घायल चालक व खलासी को एनएचएआइ व पुलिस की मदद से इलाज के लिए रिम्स भेजा गया. टेलर चालक राजू ने बताया कि वे घटना के बाद यहां पहुंचे हैं. उनके टेलर पर बड़ा हॉलपेक लदा है. जब तक दुर्घटनाग्रस्त कंटेनर नहीं हटेगा, तब तक घाटी में रहना होगा.
देर रात से ही पुलिस ने जाम हटाने का शुरू किया था प्रयास : रात में पुलिस को घाटी में भारी वाहनों के बीच दुर्घटना की जानकारी मिली. इसके बाद गश्ती में तैनात पुलिस पदाधिकारी व कर्मी घटनास्थल पर पहुंच गये. सूचना पर रामगढ़ इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी राजेश कुमार, सअनि मनोज कुमार सिंह, सअनि निगम सिंह सहित पुलिस के जवानों ने जाम हटाने के लिए काफी मशक्कत की.
