दो की माैत, 24 लोग घायल
बिहार नालंदा जिले के हरनौत प्रखंड के पुआरी गांव निवासी पूर्व मुखिया सुनील सिंह ने नयी बस खरीदी थी
बस की पूजा कराने के लिए रजरप्पा आये थे
गंभीर रूप से पांच घायलों को रिम्स रेफर किया गया
रामगढ़ : शुक्रवार दोपहर दो बजे समाहरणालय से लगभग दो किलोमीटर दूर छत्तरमांडू ग्राम के बसेरा होटल के समक्ष एनएच 23 पर ट्रक (जेएच02डब्ल्यू-2631) व बस के बीच हुई टक्कर में घटनास्थल पर चीख गूंज रही थी.
बस पर सवार सभी लोगों को चोट लगी थी. बिहार नालंदा जिले के हरनौत प्रखंड के पुआरी गांव निवासी पूर्व मुखिया सुनील सिंह ने नयी टाटा कंपनी की बस खरीदी थी. बस की पूजा कराने के लिए वे रजरप्पा आये थे. बस पर उनके परिवार के लोग आैर गांव के लोग सवार थे. पूजा करने के बाद सभी लोग वापस अपने गांव लौट रहे थे. इसी दाैरान छत्तरमांडू गांव के बसेरा होटल के समक्ष ट्रक से टक्कर हो गयी.
इसमें एक महिला सहित बस चालक की मौत हो गयी. जिस समय घटना हुई, उस समय चितरपुर की सीओ वहां से गुजर रही थीं. उन्होंने रुक कर अधिकारियों, अस्पताल कर्मियों व पुलिस को घटना की जानकारी दी. इसके बाद तत्काल पुलिस व अस्पतालकर्मी वहां पहुंच कर राहत में लग गये. एक महिला प्रतिमा देवी (52 वर्ष) की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. बस चालक अर्जुन यादव (43 वर्ष) की मौत सदर अस्पताल लाने के क्रम में रास्ते में हो गयी. घायलों में महिला, पुरुष, युवक-युवतियां व बच्चे शामिल हैं.
पांच को किया गया रिम्स रेफर : घायलों में पांच गंभीर रूप से घायल सोना देवी, सर्वजीत कुमार (उम्र 11 वर्ष), धर्मवीर पासवान, रूबी देवी व ट्रक चालक बरनजीत कुमार को रिम्स रेफर कर दिया गया.
घायलों में मुरारी कुमार, प्रेम सुधा देवी, फुलटुन कुमार, निर्मला देवी, ओमप्रकाश, किरण देवी, मदन सिंह, रामानुज शर्मा, धीरज कुमार, उजागर प्रसाद सिंह, राजीव रंजन, पप्पू शर्मा, विपिन कुमार, मुकेश कुमार, सिदो सिंह, राहुल कुमार, सुदर्शन कुमार व अरुण सिंह शामिल हैं.
चिकित्सकों ने किया घायलों का इलाज : घायलों के पहुंचने के बाद अस्पताल परिसर घायलों की चीख से गूंज उठी. सिविल सर्जन डॉ मार्शल आइंद व डीएस डॉ अवधेश कुमार नेतृत्व में चिकित्सकों व चिकित्सा कर्मियों का दल इलाज में लग गया. लगभग तीन चार घंटे तक सदर अस्पताल में लगातार घायलों की चिकित्सा की गयी. दोनों मृतकों का रामगढ़ सदर अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में पोस्टमार्टम किया गया.
