अरगड्डा. अरगड्डा के चौहान मुहल्ले में शुक्रवार को कुछ असामाजिक तत्वों ने सांप्रदायिक माहौल को बिगाड़ने का प्रयास किया. पुलिस की तत्परता से स्थिति को संभाल लिया गया. जानकारी के मुताबिक, दिन में लगभग 10 बजे अरगड्डा निवासी दिलीप कुमार के घर दर्जनों लोग मोटरसाइकिल से आये और उसके घर में जबरन घुसने का प्रयास किया. इस घटना के संबंध में दिलीप की मां ने बताया कि लोग उसके घर में अचानक आ पहुंचे थे. और जबरन उसके छोटे बेटे को बाहर भेजने को कह रहे थे. उस समय उसके बेटा घर पर नहीं था. लोग जबरन घर में घुस कर जांचने की बात कर रहे थे.
इसका विरोध करने पर उन लोगों ने मेरे साथ गाली-गलौज की. दो बहन व बेटों के साथ घड़-पकड़ करने लगे. इसमें से एक बहन व बेटा वहां से भाग गये. बाद में वह वापस आ गये. इस बीच सूचना मिलने पर रामगढ़ पुलिस बल एसपी किशोर कौशल के नेतृत्व में तत्काल वहां पहुंचा और उन लोगों को वहां से भगा दिया. इस घटना के बाद अरगड्डा बाजार की दुकानें बंद हो गयी. तरह-तरह की चर्चा होने लगी.
घटना से शहर हुआ कलंकित : राजू
रामगढ़. रामगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के पूर्व अध्यक्ष राजू चतुर्वेदी ने बयान जारी कर कहा है कि इस घटना ने शहर को कलंकित किया है. उन्होंने सभी समुदायों से शांति, सदभावना व एकता बनाने की अपील की है.
