पतरातू से अजय तिवारी की रिपोर्ट
Patratu News: झारखंड के पतरातू थाना क्षेत्र के रियाडा औद्योगिक इलाके में स्थित ओसम मिल्क प्लांट एक बार फिर अपराधियों के निशाने पर आ गया. शनिवार की अगले सुबह यानी आज करीब 6:30 बजे बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने फैक्ट्री गेट पर फायरिंग और बमबाजी कर दहशत फैला दी. एक सप्ताह के भीतर इस तरह की दूसरी वारदात से क्षेत्र में भय का माहौल गहरा गया है और कानून-व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं.
बाइक सवार अपराधियों ने बरसाई गोलियां, गेट पर फेंका देसी बम
जानकारी के अनुसार, घटना के बाद ओसम मिल्क प्रबंधन ने पतरातू थाना को लिखित सूचना दी है. हालांकि पुलिस प्रशासन की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दो अपराधी बाइक पर सवार होकर पहुंचे और अचानक गेट के पास कई राउंड फायरिंग शुरू कर दी. इसके बाद उन्होंने प्लांट परिसर के मुख्य गेट पर देसी बम फेंका और मौके से फरार हो गए. घटना के बाद कुछ देर तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. बताया जा रहा है कि पूरी वारदात फैक्ट्री के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें अपराधियों की गतिविधियां साफ नजर आ रही हैं.
लगातार घटनाओं से इलाके में बढ़ी दहशत
घटनास्थल से बारूद के अवशेष, शीशे के टुकड़े और अन्य सामग्री मिलने की भी चर्चा है. घटना को लेकर एक नया मोड़ तब आया जब मौके पर एक धमकी भरा पर्चा मिलने की बात सामने आई. पर्चे में कथित रूप से राहुल दुबे गैंग द्वारा रंगदारी के लिए इस वारदात की जिम्मेदारी ली गई है. हालांकि पुलिस ने इस संबंध में भी अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. ध्यान देने वाली बात है कि इससे पहले 29 मार्च को पतरातू-रांची मार्ग पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज के पास एक कंस्ट्रक्शन कंपनी के स्टोर गेट पर भी फायरिंग और बमबाजी की घटना हुई थी, जिसमें एक सुरक्षा गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया था. इसके अलावा, करीब एक माह पूर्व सरैया टोला में भी गोलीबारी की घटना सामने आ चुकी है. लगातार हो रही इन घटनाओं से स्थानीय लोग, व्यवसायी और औद्योगिक इकाइयों से जुड़े कर्मचारी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं. लोगों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, जिससे इलाके में शांति और सुरक्षा रहे.
इसे भी पढ़ें: झारखंड में 2034 पदों पर हाईस्कूल शिक्षकों की नियुक्ति नहीं, 6 महीने पहले हाईकोर्ट ने दिया था आदेश
इसे भी पढ़ें: एलपीजी किल्लत की मार: रांची में लौट गया कोयलायुग, छोटे दुकानों की सप्लाई बंद
