रामगढ़ में रफ्तार का कहर: चुटुपालू घाटी में फिर बिखरा खून, किशोर समेत 2 की मौत

Ramgarh Road Accident: रामगढ़ के कैथा चौक और चुटुपालू घाटी में हुए तीन अलग-अलग सड़क हादसों में 15 वर्षीय नवीन कुमार और 23 वर्षीय राहुल रजवार की मौत हो गई. जबकि कई लोग घायल हुए हैं. पढ़ें, कहां कहां और कैसे ये दुर्घटना हुई.

रामगढ़ से भागीरथ महतो की रिपोर्ट

Ramgarh Road Accident, रामगढ़ : रामगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत पिछले 24 घंटों में तीन अलग-अलग दर्दनाक सड़क हादसों ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. इन हादसों में एक 15 साल के किशोर और रांची में काम करने वाले एक होनहार युवक की असमय मौत हो गई, जबकि एक अन्य दुर्घटना में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. इन घटनाओं के बाद से स्थानीय लोगों में गहरा शोक और सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल है.

बाजार गए 15 वर्षीय नवीन को अज्ञात वाहन ने कुचला

पहली घटना चट्टी बाजार-कैथा चौक के समीप हुई. यहां 15 वर्षीय किशोर नवीन कुमार किसी काम से बाजार गया हुआ था. इसी दौरान एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया. स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल नवीन को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक नवीन कुमार स्थानीय एलआईसी (LIC) एजेंट उमेश प्रसाद महतो का पुत्र था. इस घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा है.

Also Read: चतरा नगर परिषद अध्यक्ष की पात्रता पर उठे सवाल, झारखंड हाईकोर्ट ने मांगा जवाब

ट्रेलर की चपेट में आने से ग्राफिक डिजाइनर राहुल की मौत

दूसरा बड़ा हादसा एनएच-33 फोरलेन स्थित चुटुपालू घाटी में हुआ, जो आए दिन हादसों के लिए कुख्यात है. यहां कुजू कोलियरी के रहने वाले 23 वर्षीय राहुल रजवार (पिता- गोपाल रजवार) अपनी मोटरसाइकिल से जा रहे थे. अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वे सड़क पर गिर पड़े. इसी बीच पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर (संख्या- RJ18 GC 7227) ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि राहुल की मौके पर ही मौत हो गई. बताया जाता है कि राहुल रांची में रहकर ग्राफिक डिजाइनिंग का काम करते थे.

ट्रक ने कार को पीछे से मारी टक्कर, कई लोग जख्मी

चुटुपालू घाटी में ही एक और हादसा देखने को मिला, जहां एक अनियंत्रित ट्रक (संख्या- BR06GC 9786) ने आगे जा रही एक कार (संख्या- KA13P 4224) को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण भिड़ंत में कार सवार कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तुरंत रेस्क्यू कर सदर अस्पताल भेजा, जहां उनका इलाज चल रहा है. पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात को सुचारू कराया. दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद उन्हें अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है.

Also Read: 10 जून से बालू उठाव पर लग जायेगी रोक, केवल 14 घाट ही हो पाये चालू, धड़ल्ले से हो रहा अवैध कारोबार

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sameer Oraon

समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >