पलामू: पलामू के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के बाराखाड़ डैम से पुलिस ने एक युवक का शव बरामद किया है. मृतक की पहचान सलैया गांव के महेंद्र सिंह के रूप में की गयी है. जानकारी के अनुसार महेंद्र सिंह अपने गांव के ही दो लोगों के साथ मंगलवार की रात्रि करीब नौ बजे मछली पकड़ने के लिए बाराखाड़ डैम गये थे.
साथ में गये लोगों के अनुसार उन्होंने महेंद्र को आवाज दी थी. कोई जवाब न मिलने पर उन्होंने डैम के किनारे और आसपास खोजबीन की. जब वह नहीं मिला, तो दोनों लोग डर के मारे अपने घर नहीं लौटे. बुधवार की दोपहर करीब दो बजे जब गांव में खोजबीन शुरू हुई, तब उन लोगों ने घटना की जानकारी दी.
इसके बाद ग्रामीणों ने डैम और आसपास के इलाकों में दोबारा तलाश की, लेकिन महेंद्र का कुछ पता नहीं चला. सुबह करीब नौ बजे परिजनों और ग्रामीणों ने नौडीहा बाजार थाना पुलिस को मामले की सूचना दी.
सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुँची. उस समय युवक का शव पानी के ऊपर तैर रहा था. पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से शव को पानी से बाहर निकाला और पंचनामा कर अंत्यपरीक्षण (पोस्टमार्टम) के लिए मेदिनीनगर एमएमसीएच भेज दिया.
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
मृतक की पत्नी और मां ने आरोप लगाया है कि महेंद्र सिंह को बहला-फुसलाकर मछली मारने के बहाने ले गये थे. उन्होंने आशंका जताई है कि उसकी हत्या करके शव को पानी में फेंक दिया गया. इधर नौडीहा बाजार थाना पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा.
पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है.मृतक महेंद्र सिंह के दो पुत्र और दो पुत्रियाँ हैं. इनमें से एक पुत्र और एक पुत्री की शादी हो चुकी है, जबकि दूसरी पुत्री की शादी की तैयारी चल रही थी. इस अप्रत्याशित घटना के बाद से पूरे गांव में सनसनी फैल गयी है. मृतक के परिवार में मातम का माहौल है.
