शिवेंदु कुमार की रिपोर्ट मेदिनीनगर : सदर थाना क्षेत्र के जोगियाही पुल के पास रेलवे ट्रैक से सोमवार की रात एक अज्ञात युवक का शव बरामद किया गया. युवक की उम्र करीब 30 वर्ष बतायी जा रही है. देर रात तक उसकी पहचान नहीं हो सकी थी. जानकारी के अनुसार, पलामू एक्सप्रेस के चालक ने डालटनगंज रेलवे स्टेशन को रेलवे ट्रैक पर शव पड़े होने की सूचना दी. इसके बाद आरपीएफ को मामले की जानकारी दी गयी. आशंका जतायी जा रही है कि पलामू एक्सप्रेस की चपेट में आने से युवक की मौत हुई है.
करीब 11:30 बजे मिली पुलिस को सूचना
आरपीएफ के सहायक अवर निरीक्षक रणविजय शर्मा ने बताया कि सोमवार रात करीब 11:30 बजे सूचना मिली कि पोल संख्या 283/11-13 के बीच रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव पड़ा है. सूचना मिलने के बाद आरपीएफ की टीम रात में ही घटनास्थल पर पहुंची. उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर युवक का सिर और धड़ अलग-अलग मिला. इसके बाद आरपीएफ ने सदर थाना पुलिस को सूचना दी. सदर थाना पुलिस देर रात मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर एमएमसीएच भेज दिया.
ये भी पढ़ें: पलामू: ऑपरेशन सफाया में पुलिस को सफलता, कट्टा और चोरी की बाइक के साथ 2 नाबालिग पकड़े
प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का
सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी ने बताया कि युवक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है. प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
