मेदिनीनगर में सेवानिवृत्त बड़ा बाबू के घर चोरों की सेंध, कमरा अंदर से बंद कर की 50 हजार नगद और सोने की चेन-अंगूठी की चोरी

मेदिनीनगर में एक सेवानिवृत्त बड़े बाबू के घर चोरों ने लाखों की चोरी की. चोर खिड़की का ग्रिल उखाड़कर घर में घुसे और नकदी व जेवर लेकर फरार हो गए. खास बात यह है कि घर के सदस्य बगल के कमरे में सो रहे थे, लेकिन उन्हें भनक तक नहीं लगी.

मेदिनीनगर. शहर थाना क्षेत्र के रेड़मा काली मंदिर के पीछे चोरों ने तरहसी प्रखंड से सेवानिवृत्त बड़ा बाबू मनमोहन प्रसाद के घर चोरी की घटना को अंजाम दिया. चोर खिड़की का ग्रिल उखाड़कर घर में घुसे और 50 हजार रुपये नकद, सोने की चेन, चार अंगूठी, घड़ी समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गए. बताया गया कि चोर देर रात घर के पीछे की ओर स्थित खिड़की का ग्रिल उखाड़कर अंदर दाखिल हुए. घर में घुसने के बाद चोरों ने उस कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर दिया, जिसमें अलमारी और अन्य सामान रखे थे. इसके बाद उन्होंने आराम से अलमारी खोलकर नकद रुपये और जेवरात समेत अन्य सामान निकाल लिए.

बगल वाले कमरे में सो रहे थे

जिस कमरे में चोरी हुई, उसके बगल वाले कमरे में घर के अन्य सदस्य सो रहे थे. घटना के समय मनमोहन प्रसाद के 95 वर्षीय पिता और उनकी पत्नी घर में मौजूद थे. चोरों ने इस तरह वारदात को अंजाम दिया कि घर में मौजूद लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी. मनमोहन प्रसाद ने बताया कि 50 हजार रुपये उन्होंने अपने 95 वर्षीय पिता के इलाज के लिए जमा करके रखे थे. वह कुछ दिनों से अपने बेटे से मिलने दिल्ली गए हुए हैं. सुबह करीब सात बजे उनकी पत्नी ने फोन कर उन्हें घर में चोरी होने की जानकारी दी.

ये भी पढ़ें: पलामू के तोलरा में चोरों का आतंक, एक साल में 24 से ज्यादा चोरी; पुलिस पर लापरवाही का आरोप, ग्रामीणों ने की पंचायत

घर के पीछे वाली गली से पहुंचे चोर

जानकारी मिलने के बाद उन्होंने घर की स्थिति के बारे में बताया कि एक कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था, जबकि घर के पीछे की ओर स्थित खिड़की का ग्रिल उखड़ा हुआ था. आशंका जताई जा रही है कि चोर घर के पीछे वाली गली से पहुंचे और खिड़की का ग्रिल उखाड़कर अंदर दाखिल हुए. घटना की सूचना मिलने के बाद शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ की है. शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार ने बताया कि घटना को लेकर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. पुलिस चोरी की घटना से जुड़े सुराग जुटाने में लगी है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >