राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों के लिये चयन समिति में सहवाग और सरदार सिंह

राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों के लिये चयन समिति में सहवाग और सरदार सिंह

नयी दिल्ली : खेल मंत्रालय ने राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2020 के लिये शुक्रवार को चयन समिति की घोषणा की जिसमें पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग और पूर्व हॉकी कप्तान सरदार सिंह को शामिल किया गया है. मंत्रालय द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार उच्चतम न्यायालय के सेवानिवृत न्यायाधीश मुकुंदम शर्मा समिति के अध्यक्ष होंगे.

समिति के सदस्यों में सहवाग (क्रिकेट), सरदार (हॉकी), मोनालिसा बरूआ मेहता (टेबल टेनिस), दीपा मलिक (पैरा एथलेटिक्स) और वेंकटेशन देवराजन (मुक्केबाजी) शामिल हैं. इनके अलावा मशहूर खेल कमेंटेटर मनीष बटाविया, खेल पत्रकार आलोक सिन्हा और नीरू भाटिया भी समिति में होंगे.

खेल मंत्रालय से भारतीय खेल प्राधिकरण के महानिदेशक संदीप प्रधान, खेल विभाग के संयुक्त सचिव एल एस सिंह और टारगेट ओलिंपिक पोडियम (टॉप्स) योजना के सीइओ राजेश राजागोपालन समिति में होंगे. द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिये अध्यक्ष दो अतिरिक्त सदस्यों को शामिल कर सकता है जो द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित रह चुके हों.

यह समिति राजीव गांधी खेल रत्न, द्रोणाचार्य पुरस्कार, अर्जुन पुरस्कार, ध्यानचंद पुरस्कार, राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार और मौलाना अबुल कलाम आजाद ट्राॅफी के विजेताओं का चयन करेगी. ये पुरस्कार 29 अगस्त को महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के जन्मदिन पर खेल दिवस के उपलक्ष्य में दिये जाते हैं.

Post by : Pritish Sahay

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >