हरिहरगंज, पलामू : संत शिरोमणि संत गुरु रविदास जी के 650वें जन्मोत्सव के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से देशभर में चलायी जा रही कलश यात्रा के तहत बुधवार को संत रविदास जी की जन्मस्थली से पवित्र मिट्टी लेकर कलश हरिहरगंज पहुंचा. हुसैनाबाद विधानसभा संयोजक सह सांसद प्रतिनिधि राजीव रंजन पवित्र मिट्टी का कलश लेकर हरिहरगंज पहुंचे. यहां मंडल अध्यक्ष बल्लू बलराम ने विधिवत कलश ग्रहण किया.
सामाजिक समानता और समरसता का संदेश
इस अवसर पर राजीव रंजन ने कहा कि संत रविदास जी की जन्मस्थली की पवित्र मिट्टी कलश में लेकर देश के सभी राज्यों, जिलों, मंडलों और पंचायत स्तर तक पहुंचायी जा रही है. इसका उद्देश्य संत रविदास जी के विचारों, सामाजिक समानता और समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है.
कलश के हरिहरगंज पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ स्वागत किया. इसके बाद कलश को हरिहरगंज स्थित महावीर मंदिर ले जाया गया, जहां पूजा-अर्चना के बाद उसे विधिवत स्थापित किया गया.
प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में ले जाया जायेगा कलश
भाजपा कार्यकर्ताओं ने बताया कि निर्धारित तिथि के बाद पवित्र मिट्टी के कलश को पूरे हरिहरगंज प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कराया जायेगा. इस दौरान लोगों को संत रविदास जी के विचारों तथा सामाजिक समानता और समरसता के संदेश से अवगत कराया जायेगा.
कलश यात्रा के माध्यम से समाज में आपसी भाईचारा और एकजुटता का संदेश देने का प्रयास किया जा रहा है.
मौके पर मंडल अध्यक्ष बल्लू बलराम, भीमसेन शर्मा, अखिलेश मेहता, अजय कुमार सिंह, करण राजवीर, अमित कुमार, बबलू कुमार, मुन्ना यादव समेत अन्य भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे.
