खाना बना रहे GRP जवानों पर भरभराकर गिरी छत, बाल-बाल बची जान

डालटनगंज रेलवे स्टेशन स्थित जीआरपी बैरक की छत का हिस्सा अचानक गिर गया. हादसे में जवान बाल-बाल बच गए. जर्जर व्यवस्था को लेकर पुलिसकर्मियों में भारी आक्रोश का माहौल है.

पलामूः पलामू प्रमंडलीय मुख्यालय के डालटनगंज रेलवे स्टेशन परिसर स्थित जीआरपी बैरक में मंगलवार की रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. रात करीब 9:30 बजे बैरक के बरामदे की छत का सिलिंग अचानक भरभराकर नीचे गिर गया. इस घटना के वक्त वहां करीब 8 से 10 जवान बैठकर खाना बना रहे थे. सिलिंग गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई. जवानों ने भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई. बताया जा रहा है कि 2 जवान महज कुछ ही देर पहले खाना खाकर वहां से निकले थे. इस घटना में जवानों की चौकी और कुर्सियां पूरी तरह टूट गई और बनाया गया खाना बर्बाद हो गया.

GRP पुलिस जवान के साथ दोहरी नीति

जवानों कहना है कि स्टेशन को काफी बेहतर बनाया गया है. सड़के भी काफी अच्छी बनी है. लेकिन जीआरपी के थाना, अधिकारियों और स्टाफ के क्वार्टर जाने वाली सड़क काफी जर्जर हो चुकी है. बारिश में सभी क्वार्टर से पानी टपकने लगता है. और बारिश के बाद सड़क में पानी के बहाव होने से आवागमन में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है. आसपास काफी झाड़ी भी उग आए हैं. जिससे जहरीले जीव जंतु का डर बना रहता है.

भय के साये में जीने को मजबूर हैं जवान

तकरीबन 40 साल पहले बने इस बैरक की हालत देख जवानों का दर्द साफ झलकता है. जवानों का कहना है कि वे परिवार और बच्चों के लिए जान जोखिम में डालकर नौकरी कर रहे हैं, लेकिन उनकी सुध लेने वाला कोई नहीं है. पूरे बैरक की छत जर्जर हो चुकी है और बरसात के दिनों में पानी टपकता है. यहां न तो सोने की सही व्यवस्था है और न ही पेयजल और शौचालय की बुनियादी सुविधा. जवान हर रात यहां खौफ के साये में गुजारने को विवश हैं.

जवानों ने बताया कि इस बदहाली को लेकर पूर्व में रेलवे के वरीय अधिकारियों को लिखित आवेदन दिया जा चुका है. इसके अलावा निर्माण व मरम्मत विभाग को भी कई बार मौखिक और लिखित रूप से अवगत कराया गया. इसके बावजूद अब तक कोई सार्थक प्रयास नहीं किया गया. जवानों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते बैरक की मरम्मत नहीं कराई गई, तो कभी भी कोई अप्रिय या बड़ी घटना घट सकती है. इसके लिए पूरी तरह से रेलवे के आला अधिकारी जिम्मेदार होंगे.






प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >