प्रतिनिधि, मेदिनीनगर
प्रधान जिला व सत्र न्यायाधीश राम शर्मा की अध्यक्षता में बुधवार को एलएडीसी की समीक्षा बैठक हुई. इसका मुख्य उद्देश्य एलएडीसी के प्रभावी क्रियान्वयन, पात्र लाभार्थियों को गुणवत्तापूर्ण नि:शुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराना है. लंबित मामले को शीघ्र व संतोषजनक निस्तारण को सुनिश्चित करना है. पीडीजे श्री शर्मा ने बैठक के दौरान निर्देश दिया कि कोई भी पात्र व्यक्ति विधिक सहायता से वंचित न रहे. कहा कि एलएडीसी योजना के माध्यम से समाज के कमजोर व जरूरतमंद वर्ग को न्याय दिलाना हमारी जिम्मेदारी है. उन्होंने सभी अधिवक्ताओं को सम्वेदनशीलता, पारदर्शिता व पूर्ण निष्ठा के साथ कार्य करने का निर्देश दिया. बैठक में कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए विभिन्न प्रकरणों की प्रगति पर चर्चा की गयी. कहा कि मामलों का निस्तारण समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाय. जिससे लाभार्थियों को त्वरित न्याय मिल सके. उन्होंने कारा में जाकर बंदियों के मामले में पता लगाने का निर्देश दिया. कहा कि कोई भी बंदी बिना वकील के न रहे. सभी के जमानत आवेदन समय पर दाखिल करने का भी निर्देश दिया. कहा कि कारा बंदी के मामले में विशेष ध्यान देने की जरूरत है. उन्होंने जेल विजिट करने व बंदियों के समस्या के बारे में पता लगाने का निर्देश दिया. मौके पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव राकेश रजंन, एलएडीसी के चीफ अमिताभ चन्द सिंह, डिप्टी चीफ संतोष कुमार पांडेय, वीर विक्रमबक्स राय, उत्तम कुमार, पुष्कर राज, कुमारी नीतू सिंह व अमित कुमार विश्वकर्मा शामिल थे.
