पाटन,पलामू. पाटन रूट की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में सुधार के लिए विभाग 33 केवीए लाइन समेत बिजली के कमजोर तार, जर्जर पोल, डिस्क और इंसुलेटर बदलने का काम शुरू करेगा. इसके कारण पाटन रूट में दो चरणों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी.
बदले जायेंगे जर्जर तार और खराब पोल
विद्युत विभाग के सहायक अभियंता ने बताया कि पाटन क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति प्रणाली को मजबूत करने और भविष्य में निर्बाध बिजली सेवा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 33 केवीए लाइन की आवश्यक मरम्मत की जाएगी. इस दौरान पुराने व जर्जर तारों को बदलने के साथ नये पोल लगाने और खराब पोल को बदलने का काम किया जायेगा.
ये भी पढ़ें: पलामू : काशी स्रोत नदी पर 2.10 करोड़ की लागत से होगा पुल का निर्माण, मिली स्वीकृति
सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बिजली आपूर्ति बंद
इससे बार-बार होने वाले फॉल्ट, ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है. उन्होंने बताया कि पहले चरण में 21 और 22 अगस्त को तथा दूसरे चरण में 24 से 29 अगस्त तक सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक पाटन रूट की बिजली आपूर्ति बंद रहेगी. विभाग ने उपभोक्ताओं से निर्धारित समय से पहले जरूरी कार्य निपटा लेने और मरम्मत कार्य में सहयोग करने की अपील की है.
