रामनरेश तिवारी की रिपोर्ट
पाटन (पलामू): राज्य के वित्त सह संसदीय कार्यमंत्री राधाकृष्ण किशोर ने गुरुवार को पाटन प्रखंड के विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं. उन्होंने नावाखास, महुलिया, जयपुर, नगेसर समेत दर्जनों गांवों का भ्रमण किया. इस दौरान ग्रामीणों से सीधे बातचीत कर क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी ली.
प्राथमिकता तय कर योजनाबद्ध तरीके से काम
मंत्री ने कहा कि क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति और यहां की समस्याओं से वे अच्छी तरह परिचित हैं. उन्हें क्षेत्र के किसी व्यक्ति से समस्याओं के बारे में अलग से जानकारी लेने की जरूरत नहीं है. वे प्रत्येक गांव और टोले से भली-भांति परिचित हैं. समस्याओं के समाधान के लिए प्राथमिकता तय कर योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है.
ये भी पढ़ें: पलामू : बीमार बेटे के लिए कमाने रांची गया पिता की पानी टंकी के नीचे दबकर मौत, बेसहारा हुआ परिवार
विकास कार्यों में किसी प्रकार की अनदेखी नहीं
उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन के स्तर से विकास कार्यों को गति देने के लिए वे लगातार सक्रिय हैं. सभी समस्याओं का समाधान एक साथ संभव नहीं है. इसके लिए लोगों को थोड़ा धैर्य रखना होगा. प्राथमिकता के आधार पर एक-एक कर समस्याओं का समाधान कराया जायेगा. विकास कार्यों में किसी प्रकार की अनदेखी नहीं होगी.
ये भी पढ़ें: पलामू : कंडा PACS में 13.87 लाख का धान घोटाला, पत्नी और मां के खाते में मंगवाए पैसे, कंप्यूटर ऑपरेटर गिरफ्तार
पहले चरण में जयपुर की जर्जर सड़क का निर्माण
मंत्री ने बताया कि पहले चरण में जयपुर की जर्जर सड़क का निर्माण कराया जायेगा. इसके बाद क्षेत्र की अन्य जरूरी समस्याओं के समाधान के लिए प्राथमिकता के आधार पर पहल की जायेगी. दौरे के दौरान ग्रामीणों ने सड़क, आवागमन समेत विभिन्न समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया और उनके समाधान की मांग की. मौके पर राजकमल तिवारी, अशोक सोनी, नावाखास के मुखिया मनोज कुमार, शुभम क्रांति, दिकू सिंह, बबन प्रसाद, मोहाफिज अंसारी, जवाहर उरांव, अजीत वर्मा समेत कई लोग मौजूद थे.
