पांकी में ओवरलोड हाइवा पर विधायक का कड़ा रुख, 64 टन कोयला लदा वाहन जब्त

पलामू के पांकी विधायक डॉ शशिभूषण मेहता ने अवैध ओवरलोड कोयला लदा हाइवा पकड़कर थाना हवाले किया. उन्होंने क्षेत्र में अवैध खनन और ओवरलोडिंग पर रोक की मांग की है.

पांकी(पलामू). पलामू जिले के पांकी विधायक डॉ शशिभूषण मेहता ने अवैध खनन और ओवरलोड हाइवा के परिचालन को लेकर कड़ा रुख अपनाया है. विधायक की शिकायत के बाद पांकी थाना प्रभारी की मौजूदगी में बालूमाथ से पांकी की ओर आ रहे एक ओवरलोड हाइवा को पकड़ा गया. हाइवा को थाना परिसर में खड़ा कर उसके लोड का वजन कराया गया, जिसमें करीब 64 टन कोयला लदा मिला. विधायक के अनुसार, इस तरह के वाहन पर करीब 20 से 25 टन तक ही लोड होना चाहिए.

रोज गुजरते हैं 100 से 150 ओवरलोड हाइवा

विधायक ने कहा कि प्रतिदिन करीब 100 से 150 ओवरलोड हाइवा पांकी होकर गुजरते हैं. भारी वाहनों के लगातार परिचालन से पांकी-बालूमाथ सड़क जर्जर हो गयी है और जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गये हैं. सड़क की बदहाली से आम लोगों को परेशानी हो रही है और दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है. स्थानीय निवासी रमेश ने बताया कि गड्ढों के कारण उनकी बेटी स्कूल देर से पहुंची.

उन्होंने बताया कि पिछले दिनों निजी खर्च से सड़क के गड्ढों को भरवाया था. रविवार को भी कारीमाटी के समीप जेसीबी भेजकर गड्ढों को भरवाने का काम कराया जा रहा है. यह कदम उन्होंने जनता की परेशानी को देखते हुए उठाया, जो सड़कों की बदहाली से जूझ रहे थे.

ये भी पढ़ें: लातेहार में 5 महीने से बुजुर्गों की पेंशन बंद, बैंक और ब्लॉक के चक्कर काटने को मजबूर सैकड़ों वृद्ध

‘सड़कें किसी हाइवा मालिक की जागीर नहीं’

विधायक ने आरोप लगाया कि बालूमाथ से ओवरलोड कोयला हाइवा के जरिये पांकी होते हुए हरिहरगंज में डंप किया जाता है. उन्होंने कहा कि पांकी विधानसभा की सड़कें किसी हाइवा मालिक की जागीर नहीं हैं. सड़क खराब होने के बाद जनता का आक्रोश जनप्रतिनिधियों को झेलना पड़ता है, जबकि सड़क को नुकसान पहुंचाने वाले वाहनों पर कार्रवाई नहीं होती. उन्होंने स्पष्ट कहा, ‘यह स्थिति अब बर्दाश्त नहीं की जायेगी.’

कार्रवाई नहीं हुई तो धरना की चेतावनी

विधायक ने पलामू डीसी से बातचीत के बाद पांकी थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर ओवरलोड हाइवा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. जिला खनन अधिकारी (डीएमओ) और माइनिंग ऑफिसर को भी मामले की जानकारी दी गयी है.

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, ‘यदि इसके बावजूद पांकी विधानसभा क्षेत्र की सड़कों पर ओवरलोड हाइवा का परिचालन जारी रहा, तो हम कार्यकर्ताओं के साथ पांकी थाना के पास धरना देंगे और ओवरलोड वाहनों को पकड़ने के लिए अभियान चलाएंगे.’ उन्होंने कहा कि किसी भी कीमत पर क्षेत्र में ओवरलोड हाइवा का परिचालन नहीं होने दिया जायेगा.

ये भी पढ़ें: गारू के स्कूलों में पुलिस का जागरूकता अभियान, बच्चों को यातायात नियम और साइबर फ्रॉड से बचाव की दी जानकारी

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By चंद्रशेखर सिंह

चंद्रशेखर सिंह प्रभात खबर से जुड़े वरिष्ठ पत्रकार हैं और पिछले करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने लंबे समय से पत्रकारिता करियर में क्राइम, सामाजिक मुद्दों और राजनीति से जुड़े विषयों पर व्यापक रूप से काम किया है. मेदिनीनगर (पलामू) में जमीनी स्तर की पत्रकारिता में इनकी खास पकड़ रही है. समाज से जुड़े महत्वपूर्ण और अनदेखे मुद्दों को सामने लाने, आम लोगों की समस्याओं को आवाज देने और सामाजिक सरोकार से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाने के लिए वह जाने जाते हैं. अपराध और राजनीति से जुड़े मामलों की रिपोर्टिंग के साथ-साथ उन्होंने सामाजिक बदलाव और जनहित के मुद्दों पर भी लगातार काम किया है. क्राइम रिपोर्टिंग, सामाजिक सरोकार और राजनीतिक पत्रकारिता उनके प्रमुख कार्यक्षेत्र रहे हैं. तीन दशकों के अनुभव के दौरान उन्होंने बदलते मीडिया परिदृश्य और पत्रकारिता के तौर-तरीकों को करीब से देखा और समझा है. उनकी पत्रकारिता में जमीनी अनुभव, सामाजिक मुद्दों की समझ और तथ्यपरक रिपोर्टिंग को विशेष महत्व मिलता है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >