चंद्रशेखर सिंह, मेदिनीनगर पलामू में पिछले पांच दिनों से काफी तेज धूप व लू से लोग परेशान हैं. सुबह आठ बजे के बाद शाम पांच बजे तक लोगों को घर से निकलना मुश्किल हो रहा है. सरकारी कर्मचारी व आम लोगों को जरूरी काम से निकलना मजबूरी है. वहीं बिजली संकट भी लोगों को परेशान कर रहा है. रात्रि में भी लोगों को गरमी के साथ बिजली की आंख मिचौली से लोग काफी परेशान है. इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है. इस कारण जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के लोग काफी परेशान हैं.
मई माह में आसमान से आग बरस रही है. गुरुवार को पलामू में 45.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. लगातार तापमान में बढोतरी होने से लोगों की परेशानी बढ़ गयी है मौसम विभाग के रिपोर्ट के अनुसार कुछ दिन और तापमान में वृद्धि होने के आसार हैं. भीषण गर्मी व लू के कारण जानवर भी काफी बेचैन हो रहे हैं. जंगली जानवर पानी की तलाश में गांव पहुंच रहे है. कई लोग लू लगने से बीमार भी पड़ रहे है. हालांकि चिकित्सकों ने सलाह दी है कि इस भीषण गर्मी में काफी जरूरी काम होने पर घर से निकलने के दौरान मोटा तौलिया जरूर लपेट कर निकलें. छाछ, फल, पेय पदार्थ का सेवन करें. दिहाड़ी मजदूरों को काम करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. कोचिंग जाने वाले छात्र-छात्राओ को भी भीषण गर्मी से जूझना पड़ रहा है.
इधर मौसम विभाग के रिपोर्ट के अनुसार 21 मई को पलामू जिले का अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसी तरह 20 मई को 43.4, 19 को 42.4, 18 को 43.4, 17 को 41, 16 को 41. 5 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा.