मेदिनीनगर. पलामू में श्री विश्वकर्मा पूजा महोत्सव धूमधाम से मनाने की तैयारी चल रही है. गुरुवार को जिले के शहरी एवं ग्रामीण इलाकों में हर्षोल्लास के साथ भगवान श्री विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना की जायेगी. महोत्सव की तैयारी में लोग जुटे हैं. जिले के तकनीकी विभागों, आइटीआइ कॉलेजों, बिजली विभाग, बिजली ग्रिड, मोटर गैरेज, वाशिंग सेंटर, ऑटोमोबाइल्स सेंटर, टैक्सी स्टैंड, बस स्टैंड सहित अन्य जगहों पर पूजा का आयोजन किया जायेगा. इसके अलावा लोग अपने घरों में भी भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना कर सुखमय जीवन की कामना करेंगे.
बेलवाटिका मंदिर में अंतिम चरण में तैयारी
जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के बेलवाटिका स्थित मंदिर में भगवान विश्वकर्मा की पूजा की तैयारी अंतिम चरण में है. विश्वकर्मा समाज की ओर से महोत्सव का आयोजन किया गया है. आयोजन समिति के अध्यक्ष धर्मेंद्र विश्वकर्मा ने बताया कि मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है.
सुबह 10 बजे से शुरू होगी पूजा
धर्मेंद्र विश्वकर्मा ने बताया कि 17 सितंबर को सुबह 10 बजे से पूजा-अर्चना शुरू होगी. दोपहर दो बजे के बाद प्रसाद वितरण किया जायेगा. महोत्सव को सफल बनाने में आयोजन समिति के संतु विश्वकर्मा, मंजीत, पंकज, जितेंद्र, मनोज, अंबिका, सिंकदर, संजय, प्यारी, प्रभू विश्वकर्मा, पिंकी विश्वकर्मा, चंदन, कुंदन, हर्ष, सूरज, गोपाल, अरविंद विश्वकर्मा सहित कई लोग सक्रिय हैं.
प्रखंडों में भी तैयारी तेज
इधर, जिले के विभिन्न प्रखंडों में भी धूमधाम से महोत्सव मनाने की तैयारी चल रही है. तकनीकी संस्थानों और विभिन्न प्रतिष्ठानों में भगवान विश्वकर्मा की पूजा को लेकर तैयारियां पूरी की जा रही हैं.
