मेदिनीनगर: पलामू जिले में भगवान श्री विश्वकर्मा पूजा महोत्सव पूरे श्रद्धा, उल्लास और भक्ति भाव के साथ मनाया गया. जिले के शहरी और ग्रामीण इलाकों में गुरुवार को पूजा-अर्चना, हवन और प्रसाद वितरण के साथ दिनभर धार्मिक कार्यक्रम चलते रहे. शुक्रवार को पूजा के समापन के बाद भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा. इस दौरान शहर के विभिन्न इलाकों से कई संस्थाओं की ओर से भव्य विसर्जन शोभायात्राएं भी निकाली जाएंगी, जिसके लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं.
शहर से गांव तक दिखी उत्सव की रौनक
पूरे जिले में विश्वकर्मा पूजा को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला. श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रोच्चार और भगवान विश्वकर्मा के जयघोष के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना की. कई स्थानों पर भगवान विश्वकर्मा की भव्य प्रतिमाएं स्थापित की गईं, जबकि कई जगहों पर तस्वीर रखकर पूजा की गई. पूरे दिन धार्मिक गीतों और मंत्रोच्चार से वातावरण भक्तिमय बना रहा. पूजा के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण भी किया गया.
तकनीकी संस्थानों में विशेष आयोजन
विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर जिले के तकनीकी संस्थानों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए. आईटीआई कॉलेजों, तकनीकी शिक्षण संस्थानों और विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों में कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से पूजा में भाग लिया. बिजली विभाग, बिजली ग्रिड, मोटर गैरेज, वाशिंग सेंटर, ऑटोमोबाइल सेंटर, टैक्सी स्टैंड, बस स्टैंड और अन्य कार्यस्थलों पर भी भगवान विश्वकर्मा की पूजा पूरी श्रद्धा के साथ की गई. लोगों ने अपने-अपने कार्यस्थलों पर उपकरणों और मशीनों की भी विधिवत पूजा कर सुरक्षित और सफल कार्य की कामना की.
घरों में भी हुई श्रद्धापूर्वक पूजा
सार्वजनिक आयोजनों के अलावा बड़ी संख्या में लोगों ने अपने घरों में भी भगवान विश्वकर्मा की पूजा की. परिवारों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-अर्चना कर सुख, समृद्धि और सुरक्षित जीवन की कामना की. जिले के ग्रामीण इलाकों में भी मंदिरों और सामुदायिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की अच्छी-खासी भीड़ जुटी रही.
बेलवाटिका मंदिर में उमड़े श्रद्धालु
जिला मुख्यालय मेदिनीनगर स्थित बेलवाटिका कोयल नदी तट पर बने भगवान विश्वकर्मा मंदिर में विशेष आकर्षण देखने को मिला. यहां विश्वकर्मा युवा समाज की ओर से महोत्सव का आयोजन किया गया. आयोजन समिति ने मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया, जिससे पूरे परिसर की भव्यता और बढ़ गई. सुबह 11 बजे से विधिवत पूजा-अर्चना शुरू हुई और दोपहर दो बजे के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण शुरू किया गया. देर शाम तक मंदिर में श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा और भक्ति गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा.
आज निकलेगी भव्य शोभायात्रा
महोत्सव के समापन के अवसर पर शुक्रवार को पूजा और हवन के बाद भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा. शहर के विभिन्न पूजा समितियों और संस्थाओं की ओर से भव्य शोभायात्राएं निकाली जाएंगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है. प्रशासन भी विसर्जन के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक तैयारियों में जुटा है.
इसे भी पढ़ें: सहायक आचार्य भर्ती में झारखंड हाईकोर्ट का आदेश: 43 सीटें रहेंगी सुरक्षित, JSSC से मांगा जवाब
आयोजन समिति ने निभाई अहम भूमिका
बेलवाटिका स्थित भगवान विश्वकर्मा मंदिर में आयोजित महोत्सव को सफल बनाने में आयोजन समिति के सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई. समिति के अध्यक्ष धर्मेंद्र विश्वकर्मा के नेतृत्व में संतु विश्वकर्मा, मंजीत, पंकज, जितेंद्र, मनोज, अंबिका, सिंकदर, संजय, प्यारी, प्रभू विश्वकर्मा, पिंकी विश्वकर्मा, चंदन, कुंदन, हर्ष, सूरज, गोपाल और अरविंद विश्वकर्मा सहित कई कार्यकर्ता पूरे आयोजन के दौरान व्यवस्थाओं में जुटे रहे. उनकी मेहनत से श्रद्धालुओं को पूजा, दर्शन और प्रसाद वितरण की बेहतर व्यवस्था उपलब्ध कराई गई, जिससे महोत्सव शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ.
इसे भी पढ़ें: ऑपरेशन “सतर्क” के तहत RPF की कार्रवाई, रांची में ट्रेन से 18,840 रुपये की अवैध शराब जब्त
