सतबरवा. डाल्टनगंज के विधायक आलोक चौरसिया ने सतबरवा स्थित मलय डैम का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने डैम में पहुंच रहे सैलानियों के रुझान और बढ़ती भीड़ को देखते हुए क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं के और विस्तार का भरोसा दिलाया. विधायक ने कहा कि मलय डैम में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और इसे विकसित करने के लिए आवश्यक पहल की जायेगी.
उन्होंने कहा कि मलय डैम का प्राकृतिक सौंदर्य देखने योग्य है, जिसे लेकर पलामू प्रमंडल समेत अन्य जगहों के लोग सैकड़ो की संख्या में रोज आते हैं. उन्होंने भरोसा दिलाया कि पूर्ण रूप से डैम के विकास के लिए पर्यटन विभाग तथा राज्य सरकार के समझ रखा जायेगा. इस दौरान विधायक श्री चौरसिया ने नाव से भ्रमण कर डैम के मनोरम प्राकृतिक दृश्यों का आनंद लिया. उन्होंने डैम परिसर में मौजूद सैलानियों से भी बातचीत की और पर्यटन की संभावनाओं की जानकारी ली.
इस मौके पर पंचायत के मुखिया ब्रह्मदेव सिंह विधायक प्रतिनिधि राणा प्रताप कुशवाहा अजय उरांव, संजय यादव भाजपा मंडल अध्यक्ष संदीप कुमार, अनुज चंद्रवंशी, रवि प्रसाद, सुरेंद्र प्रसाद, ज्वाला चौरसिया, सिकंदर भुइयां, बलदेव मेहता, गुलाब भुइयां समेत कई लोग मौजूद थे.
