पलामू जिला सब जूनियर बालिका खो-खो टीम राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए शुक्रवार को रजरप्पा (रामगढ़) के लिए रवाना हो गयी है. सभी चयनित खिलाड़ियों को पलामू जिला ओलिंपिक संघ के सचिव संजय कुमार त्रिपाठी, वरीय उपाध्यक्ष कमलानंद दुबे और एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष अजात शत्रु प्रसाद सिन्हा ने रांची-चोपन एक्सप्रेस से रजरप्पा के लिए रवाना किया. इसके साथ ही पलामू जिला खेल पदाधिकारी रतन कुमार सिंह, ओलिंपिक संघ के अध्यक्ष किशोर कुमार पांडेय, खेल समन्वयक निधि उपाध्याय, ऑफिस इंचार्ज सिकंदर कुमार, वूशु संघ के अध्यक्ष रमेश चंद्र प्रसाद व सचिव सुमित वर्मन, राइफल शूटिंग संघ के अध्यक्ष अमरेंद्र कुमार पाठक व सचिव अशोक सिंह ने भी खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया.
जिला प्रतियोगिता के बाद मुख्य टीम का चयन
इस संबंध में पलामू जिला ओलंपिक एसोसिएशन के सचिव संजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पलामू जिला खो-खो एसोसिएशन के तत्वाधान में सात जुलाई को जिला एथलेटिक्स स्टेडियम, बारालोटा में जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था. इसमें बेस्ट परफॉर्मेंस करने वाले 20 खिलाड़ियों को दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कैंप के लिए चुना गया था. कैंप में उत्कृष्ट खेल दिखाने वाली बालिकाओं का चयन पलामू की मुख्य टीम में किया गया. यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 10 जुलाई से 12 जुलाई 2026 तक आयोजित की जा रही है, जिसमें शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सब जूनियर नेशनल प्रतियोगिता में भाग लेने का सुनहरा अवसर प्राप्त होगा.
खिलाड़ियों को दी गई जीत की शुभकामनाएं
टीम का नेतृत्व कार्यकारी सचिव सह कोच निरंजन कुमार और टीम मैनेजर सह कार्यकारी कोषाध्यक्ष प्रीति कुमारी कर रहे हैं. खिलाड़ियों को जीत की अग्रिम बधाई देने वालों में साइकिलिंग संघ के अध्यक्ष सुनील उपाध्याय व सचिव सिद्धार्थ कुमार, वेटलिफ्टिंग संघ के सचिव अभिलाष चंचल, योगासन के सचिव अनिल कुमार पांडे और विलियर्ड संघ के सचिव मनीष कुमार शामिल हैं. इनके साथ ही एथलेटिक्स कोच मोनू कुमार, शारीरिक शिक्षक प्रदीप कुमार मेहता, द्वारीका प्रसाद और ऑक्सफोर्ड स्कूल से नीलकंठ यादव ने भी शुभकामनाएं व्यक्त की हैं.
विभिन्न स्कूलों की खिलाड़ी टीम में शामिल
प्रतियोगिता में दम दिखाने वाली पलामू की चयनित खिलाड़ी इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पलामू जिले के विभिन्न स्कूलों की प्रतिभावान खिलाड़ी शामिल हैं. इनमें संत जेवियर स्कूल से अनन्या कुजूर व संजना कुमारी, बीसी मिशन स्कूल से सोनी कुमारी और यू एम एस हरिजन टोला बारालोटा से रानी कुमारी व वैष्णवी कुमारी टीम का हिस्सा हैं. इनके अलावा ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल से अलका कुमारी व परिणिधि तथा एमडी एन जीजीपीएस स्कूल जमुने से काजल कुमारी, आदित्य मुर्मू, अर्पणा कुमारी, संस्कृति काकन, अर्चना कुमारी, अमृता कुमारी और रितिका कुमारी पलामू टीम की तरफ से रजरप्पा में अपना दमखम दिखायेंगी.
इसे भी पढ़ें: जंगल में बैठकर फर्जी APK से करते थे ठगी, गिरिडीह पुलिस ने पांच साइबर अपराधियों को किया गिरफ्तार
इसे भी पढ़ें: राम मंदिर मामले में मंत्री इरफान अंसारी का बीजेपी पर हमला, बोले- कथित घोटाले की हो जांच
