पलामू पुलिस की बड़ी कामयाबी: जेवर चमकाने के बहाने ठगी करने वाला बिहार का गिरोह गिरफ्तार

Palamu Crime News: पलामू के नौडीहा बाजार में जेवर साफ करने के नाम पर ठगी करने वाले बिहार के अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश हुआ है. पुलिस ने 6 अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके पास से एसिड, तराजू और 3 बाइक बरामद की हैं. ग्रामीणों की सूझबूझ से पकड़े गए ये ठग चांदी गलाकर और सोना बदलकर वारदात को अंजाम देते थे.

पलामू से निखिल सिन्हा की रिपोर्ट

Palamu Crime News, पलामू : झारखंड के पलामू जिले की नौडीहा बाजार पुलिस ने ग्रामीण महिलाओं को आभूषण साफ करने का झांसा देकर लूटने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बिहार के रहने वाले गिरोह के सभी 6 सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है. इस गिरोह के अपराधी दो-दो के समूह में गांवों में घूमकर सीधे-साधे ग्रामीणों को अपना शिकार बनाते थे.

क्या था ठगी का तरीका

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) प्रशांत प्रसाद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि यह गिरोह ‘मोडस ऑपरेंडी’ के तहत आभूषणों को साफ करने के लिए एक विशेष एसिड (लिक्विड) का उपयोग करता था. सफाई के दौरान वे चांदी का कुछ हिस्सा गला कर एसिड में मिला लेते थे और बाद में उसे केमिकल प्रक्रिया से अलग कर लेते थे. जबकि सोने के आभूषणों के मामले में वे महिलाओं को झांसे में लेकर असली जेवर गायब कर देते थे और उन्हें कागज में लपेटकर नकली पैकेट थमा देते थे.

अनीता देवी की सूझबूझ से धराया गिरोह

यह मामला मंगलवार को हुलसी गांव में तब खुला जब अनीता देवी के घर दो युवक पहुंचे. विश्वास जीतने के लिए उन्होंने पहले चांदी की अंगूठी साफ की, जिसे चमकता देख महिला ने उन्हें सोने का मंगलसूत्र दे दिया. ठगों ने असली मंगलसूत्र छुपाकर महिला को पाउडर का पैकेट थमा दिया और कुछ देर बाद खोलने को कहा. संदेह होने पर महिला ने ग्रामीणों के सहयोग से दोनों को रोककर तलाशी ली, तो उनके पास से असली मंगलसूत्र बरामद हो गया.

Also Read: पाकुड़ के पूर्व भाजपा विधायक बेनी प्रसाद गुप्ता का दिल का दौरा पड़ने से निधन, क्षेत्र में शोक की लहर

गिरफ्तार अपराधियों की पहचान

पकड़े गए सभी अपराधी बिहार के रहने वाले हैं. प्रिंस कुमार, राहुल कुमार और रोहित कुमार जदिया बाजार थाना क्षेत्र के सुपौल जिला के रहने वाले हैं. दूसरी तरफ प्रभु कुमार शाह, रोहन कुमार और अक्षय कुमार मटियारी रानीगंज थाना क्षेत्र के अरहरिया के रहने वाले हैं.

बरामदगी और पुलिस की अपील

पुलिस ने अपराधियों के पास से ठगी में इस्तेमाल होने वाला सफेद पाउडर, लोहे का कटर, एसिड (तेजाब), एक छोटा इलेक्ट्रॉनिक तराजू और 3 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं.

पुलिस अधिकारी ने दी बड़ी चेतावनी

SDPO प्रशांत प्रसाद ने आम जनता से अपील की है कि वे अज्ञात आभूषण चमकाने वालों के झांसे में न आएं. साथ ही मकान मालिकों को निर्देश दिया गया है कि बाहरी व्यक्तियों को कमरा किराये पर देने से पहले उनका पुलिस वेरिफिकेशन और पहचान पत्र (आईडी प्रूफ) लेना अनिवार्य सुनिश्चित करें.

Also Read: सरायकेला के शीशी गांव में जंगली हाथी का उत्पात, लौकी की फसल रौंदी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sameer Oraon

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >