पलामू के हुसैनाबाद में डेढ़ करोड़ का अवैध गांजा जब्त, ट्रक के गुप्त चैंबर में छिपाकर हो रही थी तस्करी

पलामू पुलिस को नशे के सौदागरों के खिलाफ एक बड़ी सफलता मिली है. हुसैनाबाद थाना पुलिस ने गुप्त सूचना पर एक ट्रक से 1.5 करोड़ रुपये से अधिक का गांजा बरामद किया है. इस कार्रवाई में ट्रक चालक को गिरफ्तार किया गया है.

हुसैनाबाद से नौशाद अहमद की रिपोर्ट

पलामू : पलामू पुलिस को नशे के सौदागरों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. हुसैनाबाद थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद किया है. इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है. रविवार को हुसैनाबाद थाने में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मामले की जानकारी देते हुए हुसैनाबाद के एसडीपीओ (IPS) दिव्यांश शुक्ला ने बताया कि जब्त किए गए गांजे की अंतरराष्ट्रीय और खुदरा बाजार में अनुमानित कीमत 1 करोड़ 50 लाख (डेढ़ करोड़) रुपये से अधिक आंकी जा रही है.

गुप्त सूचना पर बिछाया गया जाल

एसडीपीओ दिव्यांश शुक्ला ने घटनाक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि 25 जुलाई की रात पलामू के पुलिस अधीक्षक (SP) कपिल चौधरी को गुप्त सूचना मिली थी कि बिहार की तरफ से एक ट्रक भारी मात्रा में गांजा लेकर जपला के रास्ते गुजरने वाला है. सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया. टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जपला-छतरपुर मुख्य मार्ग पर सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया. इसी दौरान एक संदिग्ध ट्रक (रजिस्ट्रेशन नंबर- UP 14 FT 6583) को रोककर उसकी तलाशी ली गई.

ये भी पढ़ें: हजारीबाग बड़कागांव में गोलीबारी के बाद गैंगस्टर प्रिंस खान का ऑडियो वायरल, पुलिस के दावों को किया खारिज

लकड़ी के गुप्त चैंबर में रखे थे 10 बोरे

जब पुलिस ने ट्रक के पिछले हिस्से (डाले) की बारीकी से जांच की, तो उसमें लकड़ी से बना एक बेहद शातिराना गुप्त चैंबर दिखाई दिया. चैंबर को खोलने पर पुलिस के होश उड़ गए. उसमें प्लास्टिक के 10 बड़े बोरों में बंद 320 पैकेट गांजा (कुल वजन लगभग 320 क्विंटल/किलो की खेप) बरामद हुआ. पुलिस ने मौके से ही ट्रक चालक राजेश यादव को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र स्थित मदनपुर गांव का रहने वाला है.

ड्रग किट से जांच में पुष्टि, भेजा गया जेल

एसडीपीओ ने बताया कि मौके पर ही ड्रग डिटेक्शन किट के जरिए जब्त सामग्री की जांच की गई, जिसमें मादक पदार्थ गांजा होने की पुष्टि (पॉजिटिव) हुई. चालक राजेश यादव के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत हुसैनाबाद थाने में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है और उसे मेदिनीनगर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है. मामले के आगे के तार जोड़ने और इसके मुख्य सरगना का पता लगाने के लिए जांच जारी है.

छापेमारी टीम में ये अधिकारी थे शामिल

इस सफल अभियान में आईपीएस एसडीपीओ दिव्यांश शुक्ला, पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी चंदन कुमार, लाठया पिकेट प्रभारी मुकेश कुमार सिंह, देवरी ओपी प्रभारी राजू कुमार गुप्ता, हुसैनाबाद थाना के एसआई संतोष दास, छात्रधारी कुमार, चौकीदार अमित कुमार और पुलिस बल के कई जवान शामिल थे.

ये भी पढ़ें: कैट-2026 : 29 नवंबर को होगी परीक्षा, तीन अगस्त से शुरू होंगे आवेदन, जानें अंतिम तिथि


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sameer Oraon

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >