सय्यद नौशाद की रिपोर्ट
हुसैनाबाद (पलामू). ओमप्रकाश सिंह हत्याकांड के विरोध में जपला-छतरपुर मुख्य सड़क को करीब 18 घंटे तक जाम करने के मामले में हुसैनाबाद थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. अंचल पदाधिकारी पंकज कुमार के लिखित आवेदन पर पुलिस ने 18 नामजद समेत करीब 100 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. प्रदर्शनकारियों पर टायर जलाकर यातायात बाधित करने, पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाया गया है.
हत्या के बाद शुरू हुआ था सड़क जाम
आवेदन के अनुसार, कचरा गांव निवासी भुनेश्वर सिंह उर्फ भुलन सिंह के पुत्र ओमप्रकाश सिंह उर्फ छोटू सिंह की दो सितंबर की देर शाम करीब 8:30 बजे पुरंदर बिगहा के समीप अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी. घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर उसी रात करीब 12 बजे सिद्धनाथ गेट के समीप टायर जलाकर सड़क जाम कर दी. सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जाम हटाने का प्रयास किया.
ये भी पढ़ें: पलामू : 7 साल बाद भी अधूरा है अमानत नदी का पुल, निर्माण के दौरान ही बैठ गया था पिलर
अधिकारियों से धक्का-मुक्की
प्राथमिकी के आवेदन में आरोप लगाया गया है कि जाम हटाने के दौरान प्रदर्शनकारियों ने अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की और धक्का-मुक्की की. सड़क जाम रहने के कारण जपला-छतरपुर मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित रहा. करीब 18 घंटे बाद तीन सितंबर की शाम छह बजे जाम हटाया गया.
ये भी पढ़ें: पलामू : बारिश से झांझी नदी पुल का एप्रोच पथ टूटा, 15 गांवों का संपर्क टूटने का खतरा, स्कूल के बच्चे भी खतरे में
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई
पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है. साथ ही अज्ञात लोगों की पहचान की जा रही है. पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
