प्रतिनिधि, मेदिनीनगर: पांकी विधानसभा क्षेत्र में ओवरलोड और कथित अवैध कोयला परिवहन को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गयी है. पांकी विधायक डॉ कुशवाहा शशिभूषण मेहता ने रविवार को प्रेस वार्ता कर पांकी थाना प्रभारी की कार्यशैली पर सवाल उठाये. उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की निगरानी और लिखित शिकायत के बावजूद जब्त हाइवा का गायब होना गंभीर मामला है.
विधायक के अनुसार 12 सितंबर की दोपहर ओवरलोड कोयला लदे दो हाइवा पकड़े गये थे. एक मंगलपुर के पास पंचर हो गया, जबकि दूसरे को पांकी थाना लाया गया. लिखित शिकायत के बाद इसे थाना से करीब 200 मीटर दूर जरही चौक के पास खड़ा कराया गया था. इसकी निगरानी के लिए चौकीदार भी तैनात था. इसके बावजूद हाइवा रात में वहां से चला गया.
डॉ मेहता ने आरोप लगाया कि स्थानीय पुलिस और कोयला कारोबारियों के बीच मिलीभगत है. उन्होंने दावा किया कि पांकी थाना के सामने से रोज 150 से 200 ओवरलोड कोयला लदे हाइवा गुजरते हैं. विधायक ने चेतावनी दी कि अवैध कोयला परिवहन पर रोक नहीं लगी और दोषी थाना प्रभारी पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे कार्यकर्ताओं और आम लोगों के साथ सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे.
कागजात सही मिलने पर छोड़ा गया : थाना प्रभारी
आरोपों के संबंध में पांकी थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने बताया कि हाइवा के कागजात सही पाये जाने के बाद उसे छोड़ दिया गया था.
