पलामू से चंद्रशेखर सिंह की रिपोर्ट
Palamu News: झारखंड के पलामू जिले के मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र में विकास और आधुनिक सुविधाओं को लेकर बड़ा कदम उठाया गया है. शहरवासियों को अब जल्द ही गैस सिलेंडर के झंझट से राहत मिलने वाली है. नगर निगम बोर्ड की चौथी बैठक में घर-घर पाइपलाइन के माध्यम से कुकिंग गैस पहुंचाने की महत्वाकांक्षी योजना को मंजूरी दे दी गई है. इस योजना के तहत भारत पेट्रोलियम गैस कंपनी शहर में गैस पाइपलाइन बिछाएगी.
नगर निगम बोर्ड की बैठक में कई योजनाओं पर लगी मुहर
गुरुवार को आयोजित मेदिनीनगर नगर निगम बोर्ड की चौथी बैठक में शहर के विकास से जुड़ी कई अहम योजनाओं पर चर्चा हुई और उन्हें स्वीकृति प्रदान की गई. बैठक की अध्यक्षता मेयर अरुणा शंकर ने की. बैठक में नगर क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने, स्वच्छता व्यवस्था मजबूत करने और आधुनिक नगर विकास को लेकर कई प्रस्ताव पारित किए गए. मेयर अरुणा शंकर ने कहा कि शहर की महिलाओं और आम लोगों को सुरक्षित और सुलभ रसोई गैस उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि भारत पेट्रोलियम को गैस पाइपलाइन बिछाने के लिए अनापत्ति प्रमाणपत्र यानी एनओसी दे दिया गया है. कंपनी ने पहले ही इस परियोजना का सर्वेक्षण कार्य पूरा कर लिया है.
महिलाओं के लिए बड़ी सौगात
मेयर अरुणा शंकर ने इस योजना को महिलाओं के लिए बड़ी सौगात बताया. उन्होंने कहा कि रसोई गैस के लिए सिलेंडर पर निर्भरता कम होने से लोगों को सुविधा मिलेगी और समय की भी बचत होगी. साथ ही घरों तक सुरक्षित गैस आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी. उन्होंने कहा कि “बहनों को शुद्ध पानी और रसोई गैस सुलभ कराना मेरा मुख्य कर्तव्य है. यह सपना जल्द पूरा होगा.” मेयर ने भरोसा दिलाया कि शहर को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है.
पहले चरण में तीन इलाकों में बिछेगी पाइपलाइन
नगर निगम द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, गैस पाइपलाइन परियोजना की शुरुआत पहले चरण में शहर के तीन प्रमुख क्षेत्रों से की जाएगी. इनमें रेडमा, बारालोटा और बैरिया इलाके शामिल हैं. इन क्षेत्रों में पाइपलाइन बिछाने के बाद धीरे-धीरे पूरे नगर निगम क्षेत्र में योजना का विस्तार किया जाएगा. स्थानीय लोगों का मानना है कि पाइपलाइन गैस सुविधा शुरू होने से घरेलू कामकाज आसान होगा और गैस सिलेंडर की बुकिंग, ढुलाई और समय पर डिलीवरी की समस्या से राहत मिलेगी.
मेदिनीनगर को आधुनिक शहर बनाने की तैयारी
बैठक में मेयर अरुणा शंकर ने नगर निगम के विकास का रोडमैप भी साझा किया. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में मेदिनीनगर भी बड़े शहरों की तर्ज पर विकसित नजर आएगा. इसके तहत पूरे नगर निगम क्षेत्र में शुद्ध पेयजल व्यवस्था, अत्याधुनिक पार्क, मजबूत सड़कें और व्यवस्थित नालों का निर्माण कराया जाएगा. उन्होंने कहा कि शहर के आधुनिकीकरण के लिए कई योजनाओं पर काम चल रहा है और चरणबद्ध तरीके से सभी विकास कार्यों को धरातल पर उतारा जाएगा.
पार्षदों ने उठाए जनसमस्याओं के मुद्दे
बैठक के दौरान विभिन्न वार्डों से पहुंचे पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया. सड़क, नाली, जलापूर्ति और साफ-सफाई से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई. पार्षदों ने नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की मांग रखी. इस पर मेयर ने भरोसा दिलाया कि सभी समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा. डिप्टी मेयर मनोज सिंह ने भी बैठक में कई जनहित और कल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा की, जिन्हें बोर्ड ने सर्वसम्मति से पारित कर दिया.
इसे भी पढ़ें: गुमला के रिमांड होम से तीन बालबंदी फरार, दुष्कर्म और चोरी का है आरोप
डोर-टू-डोर कचरा उठाव व्यवस्था होगी मजबूत
बैठक में शहर की साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर भी विशेष जोर दिया गया. नगर आयुक्त ने बोर्ड को जानकारी दी कि सरकार ने डोर-टू-डोर कचरा उठाव कार्य का जिम्मा एक बड़ी और सक्षम एजेंसी को सौंप दिया है. यह एजेंसी जल्द ही शहर में अपना काम शुरू करेगी. इसके लागू होने के बाद घर-घर से नियमित कचरा उठाव होगा और शहर को साफ-सुथरा बनाए रखने में मदद मिलेगी. नगर निगम का मानना है कि इससे स्वच्छता व्यवस्था में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा.
इसे भी पढ़ें: झारखंड में 20 जून से शुरू होगा SIR, चुनाव आयोग ने जारी किया कार्यक्रम
