मेदिनीनगर-बैरिया सड़क की बदहाली पर सांसद सख्त:पथ निर्माण विभाग को लिखा पत्र

मेदिनीनगर-बैरिया सड़क की जर्जर स्थिति पर सांसद विष्णु दयाल राम ने विभाग के सचिव को पत्र लिखकर तत्काल निर्माण कार्य शुरू करने का निर्देश दिया है।

चंद्रशेखर सिंह की रिपोर्ट

पलामू . मेदिनीनगर छह मुहान चौक से सुदना गायत्री मंदिर रोड होते हुए बैरिया चौक तक की सड़क पूरी तरह टूट चुकी है. जर्जर हो चुकी इस तीन किलोमीटर लंबी सड़क के कारण स्थानीय लोगों का जीना मुश्किल हो गया है. स्थिति इतनी खराब है कि बैरिया चौक के पास ग्रामीणों ने विरोध में सड़क के गड्ढों के बीच धान की रोपाई कर दी है.

सांसद ने लिखा पथ निर्माण विभाग को पत्र

इस गंभीर समस्या को देखते हुए पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने झारखंड सरकार के पथ निर्माण विभाग के सचिव को पत्र भेजा है. उन्होंने सड़क के पुनर्निर्माण और दोनों तरफ पक्की नाली बनाने की मांग की है.सांसद विष्णु दयाल राम ने सचिव को लिखे पत्र में कहा कि यह सड़क लंबे समय से खराब पड़ी है.

गड्ढों में तब्दील हुई सड़क, हादसों का बढ़ा खतरा

पूरी सड़क पर गहरे गड्ढे बन गये हैं. जिससे गाड़ियों के पलटने और दुर्घटना होने का डर हमेशा बना रहता है. वर्तमान में बारिश के कारण स्थिति और ज्यादा बिगड़ गयी है. सड़क पर पानी जमा होने से राहगीरों को यह अंदाजा नहीं मिल पाता कि गड्ढा कितना गहरा है. इस वजह से आये दिन लोग चोटिल हो रहे हैं.

जल निकासी न होने से घरों में घुस रहा पानी

क्षेत्र में जल निकासी (ड्रेनेज सिस्टम) की कोई व्यवस्था नहीं है. इसके कारण बारिश का पानी सड़क पर रुक जाता है और फिर वह बहकर आसपास के रिहायशी इलाकों और घरों के अंदर जा रहा है. इससे लोगों की निजी संपत्ति को नुकसान पहुंच रहा है. सांसद ने कहा कि स्थानीय समाचार पत्रों में इस समस्या को लगातार प्रमुखता से प्रकाशित किया जा रहा है, लेकिन अब तक इस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया है.

ये भी पढ़ें: गड्ढों में तब्दील हुआ कुलहुटू-हाकाजांग-नगड़ी मुख्य मार्ग

ग्रामीणों ने सड़क पर कर दी धान रोपनी

सड़क की जर्जर स्थिति से तंग आकर बैरिया चौक के समीप स्थानीय ग्रामीणों ने एक अनोखा विरोध प्रदर्शन किया है. जलजमाव और बड़े-बड़े गड्ढों के विरोध में ग्रामीणों ने सड़क के बीचों-बीच धान की रोपाई कर दी है .सांसद विष्णु दयाल राम ने इस घटना का विशेष उल्लेख करते हुए इसे सड़क की बदहाली का सबसे बड़ा प्रतीक बताया है. उन्होंने कहा कि जनता का यह आक्रोश शासन और प्रशासन के लिए स्थिति की गंभीरता को दर्शाता है.

ये भी पढ़ें: विधानसभा में आंदोलनकारियों पर फिर बरसा पुलिस का डंडा, छात्र नेता बोले- अब सीधे CM से बात होगी

सांसद ने की स्थल निरीक्षण और त्वरित निर्माण की मांग

यह मार्ग स्थानीय आबादी के लिए आवागमन का सबसे मुख्य जरिया है. हर दिन हजारों की संख्या में लोग इस रास्ते से गुजरते हैं. सांसद ने पथ निर्माण विभाग के सचिव से आग्रह किया है कि वे मामले को गंभीरता से लें. उन्होंने अधिकारियों की टीम भेजकर सड़क का तुरंत स्थल निरीक्षण (स्पॉट वेरिफिकेशन) कराने को कहा है, ताकि तीन किलोमीटर की इस सड़क का पुनर्निर्माण या विशेष मरम्मत कार्य तुरंत शुरू किया जा सके.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Chandra shekhar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >