विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, जंगल में जले शव के अवशेष बरामद

मायके वालों ने लगाया हत्या व साक्ष्य मिटाने का आरोप

मायके वालों ने लगाया हत्या व साक्ष्य मिटाने का आरोप प्रतिनिधि, पांडू थाना क्षेत्र के डाला खूर्द गांव में 22 वर्षीय विवाहिता सितारा देवी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गयी. घटना शुक्रवार दोपहर की बतायी जा रही है. मृतका, गांव निवासी मुकेश भुइयां की पत्नी थी. ससुराल पक्ष का दावा है कि सितारा देवी ने फंदे से झूलकर आत्महत्या कर ली, जबकि मायके वालों ने हत्या कर साक्ष्य मिटाने का आरोप लगाया है. परिजनों के अनुसार, सितारा कुछ दिनों से मायके में रह रही थी. पिछले सोमवार को वह अपनी सास के साथ ससुराल लौटी थी. घटना के समय घर में कोई नहीं था. पति बाहर काम करने गया था, सास रीता देवी एक शादी समारोह में गयी थी और ननद मैट्रिक की परीक्षा देने पांडू गयी थी. महेंद्र भुइयां ने बताया कि आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है. उन्होंने कहा कि जब भतीजे को घर से झोला लाने भेजा गया, तब उसने देखा कि सितारा फंदे से झूल रही है. इधर, घटना की सूचना मिलने पर मृतका के मायके वाले शुक्रवार शाम डाला खूर्द पहुंचे. उनका आरोप है कि ससुराल पक्ष ने बिना पुलिस को सूचना दिए शव को जंगल की ओर ले जाकर जला दिया. इससे आक्रोशित मायके पक्ष ने कहा कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या का मामला है और साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को जलाया गया. मृतका के पिता मुनालाल भुइयां ने थाना में दिये आवेदन में आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही उनकी पुत्री के साथ मारपीट की जाती थी और दहेज के लिए दबाव बनाया जाता था. शनिवार को थाना प्रभारी विगेश कुमार राय दंडाधिकारी के साथ जंगल में पहुंचे और जहां शव जलाया गया था, वहां से अवशेष बरामद किया. पुलिस ने बताया कि अवशेष को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जायेगा. मायके पक्ष के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. थाना प्रभारी ने कहा कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा. गौरतलब है कि मुकेश भुइयां की शादी छह अप्रैल 2025 को उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिला अंतर्गत कोलिनडूबा गांव निवासी मुनालाल भुइयां की पुत्री सितारा देवी से हुई थी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Akarsh Aniket

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >