पांच निकायों में बिछी चुनावी बिसात, मेदिनीनगर मेयर सीट पर सबकी नजर

पांच निकायों में बिछी चुनावी बिसात, मेदिनीनगर मेयर सीट पर सबकी नजर

प्रमुख दलों ने झोंकी पूरी ताकत, हरिहरगंज में पहली बार मतदान को लेकर उत्साह चंद्रशेखर सिंह, मेदिनीनगर पलामू जिले के पांच शहरी निकायों मेदिनीनगर नगर निगम, विश्रामपुर नगर परिषद, हुसैनाबाद, छतरपुर व हरिहरगंज नगर पंचायत में चुनावी प्रक्रिया तेज हो गयी है. हरिहरगंज नगर पंचायत में पहली बार चुनाव हो रहा है. यहां अध्यक्ष पद अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित है. पहली बार मतदान को लेकर आमजनों में खासा उत्साह है. यहां अध्यक्ष पद के लिए 10 प्रत्याशी मैदान में हैं. गर्मी के मौसम पर चुनावी ताप भारी पड़ रहा है. तिथि नजदीक आते ही प्रत्याशी जी-तोड़ मेहनत में जुटे हैं. खासकर मेदिनीनगर नगर निगम का मेयर पद चुनावी दृष्टि से सबसे चर्चित सीट बन चुका है. यहां का परिणाम जिले की भावी राजनीतिक दिशा तय करने वाला माना जा रहा है. भले ही चुनाव दलीय आधार पर नहीं हो रहा, लेकिन भाजपा, कांग्रेस व झामुमो ने अपने-अपने समर्थित प्रत्याशी उतार दिये हैं. मेदिनीनगर में मेयर पद के लिए 11 प्रत्याशी मैदान में हैं, पर शुरुआती दौर से मुकाबला भाजपा समर्थित अरुणा शंकर, कांग्रेस समर्थित नम्रता त्रिपाठी और झामुमो समर्थित पूनम सिंह के बीच माना जा रहा है. मेदिनीनगर में भाजपा के बागी भी चर्चा में : भाजपा ने अरुणा शंकर के समर्थन में पूरी ताकत झोंक दी है. सांसद, विधायक, प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर के नेता सक्रिय हैं. हालांकि पार्टी के भीतर बागी समीकरण भी चर्चा में हैं. पूर्व डिप्टी मेयर राकेश सिंह उर्फ मंगल सिंह की पत्नी रिंकू सिंह समेत कई प्रभावशाली चेहरे मैदान में हैं, जिससे मुकाबला रोचक हो गया है. कांग्रेस ने पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी की पुत्री नम्रता त्रिपाठी को समर्थन दिया है. पूर्व मंत्री स्वयं चुनाव प्रचार की कमान संभाले हुए हैं. वहीं झामुमो ने नगर परिषद की पूर्व अध्यक्ष पूनम सिंह पर दांव लगाया है, जो 2018 में दूसरे स्थान पर रही थीं. विश्रामपुर नगर परिषद में अध्यक्ष पद के लिए 21 प्रत्याशी मैदान में हैं. झामुमो समर्थित निवर्तमान अध्यक्ष हलीमा बीबी, भाजपा समर्थित चंपा शुक्ला, कांग्रेस समर्थित अर्चना कुमारी और गीता देवी के बीच मुख्य मुकाबला माना जा रहा है. हुसैनाबाद में अध्यक्ष पद के सात प्रत्याशी हैं. यहां भाजपा ने रामेश्वर राम को समर्थन दिया है. छतरपुर नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए 24 प्रत्याशी मैदान में हैं, यहां भी मुकाबला रोचक होने की उम्मीद है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Akarsh aniket

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >