सतबरवा,पलामू: लगातार हो रही बारिश के कारण सतबरवा स्थित मुरमा कठौतिया मलय डैम का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. डैम का स्पीलवे पानी से ओवरफ्लो होने के कगार पर पहुंच गया है. स्पीलवे से पानी के बहाव का मनोरम दृश्य देखने के लिए स्थानीय ग्रामीणों के साथ सैलानियों में भी उत्सुकता बढ़ गयी है. बारिश के बाद डैम का प्राकृतिक सौंदर्य देखते ही बन रहा है.
बढ़ रही सैलानियों की संख्या
मलय डैम क्षेत्र में इन दिनों बड़ी संख्या में लोग पहुंचकर जलाशय और आसपास के मनोरम दृश्यों का आनंद ले रहे हैं. स्पीलवे से पानी का बहाव शुरू होने के बाद यहां का नजारा और भी आकर्षक हो जाता है. नौका विहार का आनंद लेने वाले सैलानियों की संख्या भी बढ़ जाती है.
पिछले वर्ष लगातार बारिश के कारण जुलाई महीने में ही डैम का स्पीलवे ओवरफ्लो हो गया था. इस मनोरम दृश्य को देखने के लिए पलामू प्रमंडल के अलावा अन्य जिलों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे. इस कारण आसपास के ग्रामीण इस वर्ष भी स्पीलवे के ओवरफ्लो होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.
ग्रामीणों का कहना है कि मलय डैम पलामू जिले के प्रमुख प्राकृतिक पर्यटन स्थलों में अपनी पहचान बना रहा है. बरसात के मौसम में जब डैम का पानी स्पीलवे से गिरता है, तो यहां का दृश्य काफी मनमोहक हो जाता है. इससे स्थानीय स्तर पर पर्यटन की संभावनाओं को भी बढ़ावा मिलता है.
बढ़ते जलस्तर को लेकर प्रशासन ने किया अलर्ट
मलय डैम के तेजी से बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने सैलानियों को सतर्क रहने की अपील की है. बीडीओ सह सीओ विजय कुमार ने बताया कि पिछले दो-तीन दिनों में डैम का जलस्तर काफी तेजी से बढ़ा है. ऐसे में सैलानियों को सतर्कता बरतने की जरूरत है, ताकि किसी तरह की अनहोनी से बचा जा सके.
उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था बनाये रखने के लिए क्षेत्र में लगातार गश्त की जाती है. उन्होंने डैम आने वाले लोगों, खासकर युवाओं से सावधानी बरतने और किसी तरह का जोखिम नहीं उठाने की अपील की.
