Palamu News: मलय डैम का स्पीलवे ओवरफ्लो, छलकते पानी का मनोरम नजारा देखने उमड़ी सैलानियों की भीड़; सुरक्षा में पुलिस तैनात

सतबरवा के मलय डैम में स्पीलवे से पानी का ओवरफ्लो होने के बाद प्राकृतिक सौंदर्य देखने के लिए सैलानियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। प्रशासन ने सुरक्षा बढ़ाई।

सतबरवा, पलामू : सतबरवा प्रखंड के मुरमा-कठौतिया स्थित मलय डैम का स्पीलवे ओवरफ्लो होने के बाद यहां का मनोरम नजारा सैलानियों के आकर्षण का केंद्र बन गया है. डैम से छलकते पानी और प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने के लिए आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं. इनमें महिलाओं और बच्चों की संख्या अधिक है.

लगातार बारिश के कारण डैम पानी से लबालब भर गया है. लगातार दूसरे वर्ष स्पीलवे से पानी ओवरफ्लो हो रहा है. स्पीलवे से बहते पानी का मनोरम दृश्य देखने के लिए सैलानी परिवार और बच्चों के साथ डैम पहुंच रहे हैं.

पर्यटन की पर्याप्त संभावनाएं

ओवरफ्लो का दृश्य देखने पहुंचीं सुनीता देवी, मंजू देवी, कुणाल कुमार और हर्ष कुमार सिंह ने कहा कि मलय डैम प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर है और यहां पर्यटन की पर्याप्त संभावनाएं हैं. इसे व्यवस्थित पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन को विशेष ध्यान देने की जरूरत है. इससे पलामू प्रमंडल को एक बेहतर पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकसित किया जा सकता है.

सैलानियों की सुविधा के लिए प्रशासन की ओर से डैम तक पहुंचने के लिए पक्की सड़क, स्ट्रीट लाइट, बैठने के लिए कुर्सी और शौचालय आदि की व्यवस्था की गयी है.

सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट

सैलानियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए डैम के स्पीलवे और जलप्रवाह वाले क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी की गयी है. बीडीओ सह सीओ विजय कुमार ने पर्यटकों से सतर्कता बरतने की अपील की है. उन्होंने कहा कि डैम परिसर में आने वाले लोग सावधानी बरतें और ऐसा कोई कार्य नहीं करें, जिससे किसी तरह की अनहोनी हो.

थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि सैलानियों की भीड़ को देखते हुए पुलिस बल लगातार पेट्रोलिंग कर रहा है. डैम परिसर में भी जवानों की तैनाती की गयी है.

नौका विहार भी बना आकर्षण

मलय डैम के प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग परिवार और बच्चों के साथ पहुंच रहे हैं. डैम में मोटर बोट और पेडल बोट से नौका विहार भी सैलानियों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >