शोले के जयनगर टोला में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई
पाटन. वन विभाग की टीम ने शोले पंचायत के जयनगर टोला में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से काटकर रखी गयी खैर की लकड़ी जब्त की है. जब्त लकड़ी का बाजार मूल्य दो लाख रुपये से अधिक आंका गया है. गुप्त सूचना के आधार पर वन क्षेत्र पदाधिकारी उमेश कुमार दुबे के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया. शुक्रवार की रात करीब 11 बजे छापेमारी दल जयनगर टोला पहुंचा, जहां अवैध रूप से संग्रहित खैर की लकड़ी बरामद की गयी. इस संबंध में रेंजर श्री दुबे ने बताया कि सूचना मिली थी कि इलाके में खैर के पेड़ काटकर लकड़ी जमा की गयी है. सूचना की पुष्टि के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की गयी. हालांकि वन विभाग की टीम के पहुंचने से पहले ही लकड़ी तस्कर मौके से फरार हो गये.
बड़े पैमाने पर खैर की कटाई, जंगलों को पहुंचा नुकसान
वन विभाग के अनुसार खैर लकड़ी तस्करी से जुड़े गिरोह बड़े पैमाने पर पेड़ों की अवैध कटाई कर रहे हैं. वन क्षेत्र में सैकड़ों खैर के पेड़ काटे जा चुके हैं. बताया जाता है कि खैर की लकड़ी का उपयोग कत्था निर्माण में किया जाता है, जिसके कारण इसकी तस्करी लगातार बढ़ रही है. पलामू के जंगलों में खैर के पेड़ों की अंधाधुंध कटाई से वन संपदा को भारी नुकसान पहुंचा है. खासकर पाटन क्षेत्र में बचे-खुचे खैर के पेड़ों की कटाई पिछले कई महीनों से जारी है.
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई, फिर भी नहीं रुक रही तस्करीवन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पिछले वर्ष भी कई लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की गयी थी. इसके बावजूद तस्करों के हौसले बुलंद हैं और अवैध कटाई का सिलसिला जारी है. विभाग ने तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं. इस कार्रवाई में प्रभारी वनपाल अरुण कुमार दास, रामश्रेष्ठ, वनरक्षी कौशल दुबे समेत कई वनकर्मी शामिल थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
