मेदिनीनगर. अखिल भारतीय कायस्थ महासभा की ओर से 20 सितंबर को टाउन हॉल में प्रमंडल स्तरीय संवाद सम्मेलन का आयोजन किया जायेगा. महासभा के अध्यक्ष गोपाल सिन्हा उर्फ मुन्ना और महासचिव लालबहादुर सिन्हा ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि सम्मेलन की तैयारी शुरू कर दी गयी है.
10 जिलों के अध्यक्ष समेत कई पदाधिकारी होंगे शामिल
महासभा के अध्यक्ष और महासचिव ने बताया कि सम्मेलन में अतिथि के रूप में महासभा के केंद्रीय उपाध्यक्ष सेवानिवृत्त आइजी दीपक वर्मा, प्रदेश अध्यक्ष प्रणय कुमार, कार्यकारी अध्यक्ष प्रेम कुमार सिन्हा तथा राज्य के 10 जिलों के अध्यक्ष व अन्य लोग भाग लेंगे. सम्मेलन की सफलता को लेकर महासभा के लोग सक्रिय हैं.
सामाजिक कुरीतियों पर होगी चर्चा
उन्होंने बताया कि सम्मेलन के माध्यम से समाज के लोगों को संगठित करने और चुनौतियों का समाधान करने जैसे कई विषयों पर चर्चा की जायेगी. सामाजिक कुरीतियों को दूर करने और सामाजिक कार्यों में अनावश्यक खर्च पर रोक लगाने के लिए सामाजिक चेतना जागृत करने पर जोर दिया जायेगा.
महिलाओं की समस्याओं और सशक्तिकरण पर भी मंथन
कायस्थ समाज के लोगों के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण, महिलाओं की समस्याओं का निराकरण सहित संगठन की मजबूती और एकजुटता पर भी चर्चा की जायेगी. महासभा के पदाधिकारियों ने सम्मेलन के उद्देश्य के बारे में बताया कि समाज के लोगों की एकजुटता और सक्रियता से ही समाधान का रास्ता खुलेगा.
कमजोर परिवारों की बेटियों की शादी व पढ़ाई में मदद
उन्होंने बताया कि महासभा की ओर से आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की लड़की की शादी और पढ़ाई के लिए छात्रवृत्ति दी जाती है. महासभा का प्रयास है कि समाज के विकास के लिए आवश्यक कदम उठाये जायें. मौके पर अरविंद सिन्हा, स्नेह रंजन श्रीवास्तव और शशांक सुमन मौजूद थे.
